श्रीडूंगरगढ़ ONE 2 अप्रैल 2026। गुरूवार को श्रद्धालुओं ने धूमधाम से हनुमान जन्मोत्सव मनाया और खूब बधाइयां बांटी। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही वहीं घर घर पूजा अर्चना कर बाबा को खीर चूरमे का भोग लगाया गया।
बिग्गाबास स्थित गणेश मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में बाबा का विशेष पूजन किया गया। सुंदरकांड के पाठ का आयोजन कर श्रद्धालुओं ने बाबा से स्वास्थ्य व समृद्धि की मंगलकामनाएं की। आरती के बाद प्रसाद का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। मोमासर बास के ठाकुरजी मंदिर में उत्सव मनाया गया। बड़ी संख्या में शामिल हुई महिलाओं ने शाम 4 बजे से 6 बजे कीर्तन सत्संग का आयोजन किया। महिलाओं ने झूमकर भजन कीर्तन में भाग लिया। यहां बाबा को लड्डू व चूरमे के भोग लगाए गए। श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। पूनरासर मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के दर्शन कर अपनी मन्नतें मांगी। यहां बाबा का विशेष श्रृंगार कर मंदिर परिसर को फुलों और गुब्बारों से सजाया गया। बाबा को खीर चूरमे का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया।