श्रीडूंगरगढ़, 29 सितंबर 2025। बीकानेर जिले की बेटियां एक बार फिर कबड्डी के मैदान में अपना जौहर दिखाने के लिए तैयार हैं। सोमवार को, 17 और 19 वर्ष की आयु वर्ग की 24 सदस्यीय छात्रा कबड्डी दल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बींझासर से अकोदा (डीडवाना-कुचामन) के लिए रवाना हुई। ये दल आगामी 69वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
खिलाड़ियों में गजब का उत्साह और जोश था, मानो वे किसी विजय अभियान पर निकल रही हों। इस उत्साह का एक कारण यह भी है कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं भी इसी विद्यालय में आयोजित की गई थीं, जहाँ इन प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिला।
राज्य स्तर पर चयनित इन 24 खिलाड़ियों (12+12) के लिए 24 सितंबर से 28 सितंबर तक गहन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कोच हनुमान प्रसाद गुर्जर, सावित्री खीचड़, नरेन्द्र सिंह और सरोज ने इन खिलाड़ियों को हर तरह से तैयार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता शिशु विहार स्कूल, आकोदा डीडवाना में 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।
प्रस्थान के समय विद्यालय का माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण था। संस्था प्रधान मदनलाल शर्मा, प्रेमसिंह राठौड़, सरपंच प्रतिनिधि सोहनलाल जाखड़, सहीराम तावणियां और विद्यालय के अन्य सदस्यों ने तिलक लगाकर दोनों दलों को शुभकामनाएं दीं। सबकी यही कामना थी कि बेटियां इस बार भी जीत का परचम लहराएं।
उल्लेखनीय है कि बीकानेर की टीम ने पिछले दो वर्षों से लगातार गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस बार भी उनसे वैसी ही उम्मीदें हैं।
* छैलूदान चारण (दलाधिपति)
* गौरीशंकर जोशी (दल नायक)
* भगवान गोदारा (दलनायक)
* हनुमान प्रसाद गुर्जर (कोच)
* नरेन्द्र सिंह (कोच)
* सावित्री खीचड़ (दलप्रभारी)
* सरोज (दलप्रभारी)
आईना सायच (कप्तान), भूमिका लेघा, गायत्री सायच, रविना जाखड़, रक्षा जाखड़, सुमन कूकणा, सिया सारण, गुड्डी, सम्पति, द्रोपती जाखड़, डाली गोदारा, ममता कस्वां।
चेना जाखड़ (कप्तान), मोनिका छरंग, ममता जाखड़, गुंजन जाखड़, रामकिन्या सायच, ज्योति सियाग, सुमन स्वामी, पूजा स्वामी, रुकमा गोदारा, मीरा दुगेसर, डाली गोदारा, संजू सिद्ध।
अब देखना यह है कि ये बेटियां राज्य स्तर पर कैसा प्रदर्शन करती हैं और क्या वे बीकानेर का नाम रोशन कर पाती हैं।