श्रीडूंगरगढ़ ONE 28 फरवरी 2026। आगामी 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा किए जाने वाले जन अधिकार संघर्ष प्रदर्शन में अधिकाधिक संख्या में कार्यकर्ताओं एवं किसानों की पहुंच सुनिश्चित करने की अपील के साथ पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य व सीकर सांसद कॉमरेड़ अमराराम की अगुवाई में प्रदेश भर में जन अधिकार संघर्ष जत्था निकल रहा है। यह जत्था शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ पहुंचा एवं क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित जोरावरपुरा फांटे पर इस जत्थे का स्वागत क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने किया। जोरावरपुरा से ये यह जत्था गांव लाछडसर होते हुए क्षेत्र के गांव मोमासर पहुंचा। मोमासर से यह जत्था गांव सत्तासर, लिखमादेसर, तोलियासर होते हुए शाम करीब 5 बजे श्रीडूंगरगढ़ पहुंचेगा एवं श्रीडूंगरगढ़ से रवाना होकर गांव शेरूणा, टेऊ, लिखमीसर उतरादा में पहुंचेगा। जत्थे में शामिल कॉमरेड़ अमराराम के साथ राज्य सचिव किशन पारीक, श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक कॉमरेड़ गिरधारीलाल महिया, कॉमरेड़ लालचंद भादू, सुंरदलाल बेनीवाल, अशोक शर्मा, भागीरथ नेतड़, सीमा जैन सहित कई नेता मौजूद है। यह जत्था काफिले के साथ इन गांवों में पहुंच रहा है एवं सभी जगहों पर जनसभाएं कर ज्यादा से ज्यादा संख्या में आगामी 24 मार्च को दिल्ली पहुंचने का आह्वान कर रहे है।
भामूं की आपणी ढ़ाणी में हुआ स्वागत, कॉमरेड़ ने भी सराहा।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में फव्वारा पद्धती से कृषि कुंओं की खेती यहां की जीवनधारा है एवं इस खेती को प्रयोग के रूप में शुरू करने वाले क्षेत्र के पहले किसान पूर्व प्रधान दानाराम भामूं थे। गांव मोमासर से लाछडसर की रोड़ पर स्थित भामूं की आपणी ढ़ाणी में सीकर सांसद अमराराम का स्वागत किया गया एवं भामूं परिवार के श्रवण कुमार भामूं, प्रह्लाद भामूं सहित क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने गर्मजोशी के साथ कॉमरेड़ अमराराम का स्वागत किया। यहां जत्थे के लिए प्रसाद का आयोजन भी किया गया एवं जत्थे में शामिल सभी किसान नेताओं, किसान कार्यकर्ताओं ने इस ढाणी में वैज्ञानिक रूप से किए गए जलप्रबंधन, पशुपालन, कृषि आदि को सराहते हुए ऐसे प्रयोगों से ही किसान द्वारा किसान का भला हो सकने की बात कही।