WhatsApp Menu
तेज हवा के साथ आई तेज बरसात, ईसबगोल की फसल हुई चौपट, किसान हुए मायूस  |  गणगौर उत्सवों की मची है धूम  |  आडसर में गणगौर परंपरा को मिला नया आयाम, सार्वजनिक गणगौर चौक का हुआ लोकार्पण, ग्रामीणों में उत्साह, देखें फ़ोटो  |  श्रीडूंगरगढ़ से शनिवार की दो खास खबरें पढें एकसाथ  |  वन विभाग मिली मोटरसाइकिलें, वन सुरक्षा व गश्त को मिलेगी गति  | 

सातवें दिन की कथा में हर परिवार को गौसेवा से जुड़ने का किया आह्वान, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु।

श्रीडूंगरगढ़, 13 नवंबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ के कल्याणसर नया में स्थित श्रीजसनाथजी पीड़ा ग्रस्त गौशाला में गौकृपा कथा का आयोजन किया गया। कथा के अंतिम दिन साध्वी श्रद्धा गोपाल दीदी ने अपने प्रवचन में गाय को समृद्धि और शांति का वाहक बताया। उन्होंने कहा कि गौशाला की रज को माथे से लगाने मात्र से सौभाग्य का उदय होता है।

साध्वी ने श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज जीवन में साधन और सुविधाएं तो बढ़ गई हैं, लेकिन शांति और समृद्धि प्रदान करने वाला गौसेवा रूपी साध्य कहीं पीछे छूट गया है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया और कहा कि मनुष्य जीवन एक दुर्लभ अवसर है, जिसे सार्थक बनाना चाहिए, ताकि आत्मा का पतन न हो। साध्वी जी ने स्वस्थ जीवन के लिए गाय के सान्निध्य को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जो गाय के पास रहते हैं, वे सदैव स्वस्थ रहते हैं।

अपने संबोधन में साध्वी श्रद्धा गोपाल दीदी ने केंद्र सरकार से गौवध निषेध कानून बनाने की अपील की और गाय पर राजनीति न करने का आग्रह किया। उन्होंने धन प्राप्ति के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में धन का महत्व है, लेकिन यह सब कुछ नहीं है। साध्वी ने सेवा, त्याग और प्रेम के महत्व को रेखांकित करते हुए हर परिवार को अपनी क्षमता के अनुसार गौसेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने “भक्ति की बातां करबो सोरी रे, भक्ति दोरी रे…” भजन गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथा के समापन पर एक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने गौमाता के जयकारे लगाए।

कथा के दौरान श्रीजसनाथ जी पीड़ा ग्रस्त गौशाला समिति के सदस्यों ने गौशाला के लिए आवश्यक सुविधाओं की मांग रखी और दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने गौशाला प्रांगण में ऑपरेशन थियेटर कक्ष, एक्सरे मशीन, एम्बुलेंस, दवाइयां, जलहोद, कड़ाहे, भट्टी, लोहे के ठाने, टब, कुंडे, माइक सेट, टेबल, कुर्सी, बाल्टियां, खेलियां, आटा चक्की और टिन शेड की आवश्यकता बताई।

समिति ने गौशाला प्रांगण में भगवान महादेव और श्रीजसनाथजी मंदिर के निर्माण के लिए 7 लाख रुपये का दान देने वाले भामाशाह गणेश भाई वॉल्वो दमन का आभार जताया। इसके अतिरिक्त, चारा गोदाम निर्माण के लिए श्री महुड़ी मधुपुरी जैन समाज गुजरात द्वारा 5 लाख रुपये का दान दिया गया, और श्री आदिजिन युवक चेरिटेबल मुंबई एवं श्री गुजरात जैन समाज द्वारा 7 लाख 50 हजार रुपये की लागत से टिन शेड का निर्माण करवाया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष जयेशभाई शाह मुंबई की प्रेरणा से हुए इन निर्माण कार्यों के लिए समिति ने सभी दानदाताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। गौशाला में सुखराम हेमाराम गोदारा और अमरीदेवी सोनी द्वारा खेली निर्माण करवाए जाने पर भी आभार व्यक्त किया गया। कई अन्य दानदाताओं ने भी गौशाला के लिए सहयोग की घोषणा की।

इसी क्रम में, गौरव पथ पर स्थित श्रीगोपाल गौशाला में साध्वी श्रद्धा गोपाल दीदी के सान्निध्य में एक विशेष बैठक का आयोजन किया जाएगा। गौशाला समिति के सदस्य तुलसीराम चौरड़िया ने बताया कि “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत इस बैठक में क्षेत्र की सभी गौशालाओं, गौभक्तों, सेवकों और ट्रस्ट प्रतिनिधियों की उपस्थिति में साध्वी श्रद्धा गोपाल दीदी आगामी चरण की दिशा तय करने पर विचार विमर्श करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़