डूंगरगढ़ one 29 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग समय की कमी का हवाला देकर सामाजिक जिम्मेदारियों से दूर हो जाते हैं, वहीं गांव सातलेरा के युवाओं ने मानवीय फर्ज निभाते हुए मिसाल पेश की। यहां एक साल से अधिक समय से कीचड़ और गंदगी से अटी पड़ी पशु खेळी की युवाओं ने श्रमदान कर सफाई की।
सामाजिक कार्यों में सक्रिय युवा साजनराम जाखड़ के नेतृत्व में महावीर प्रसाद, विजयपाल, सुगनाराम, खींवराज तरड़, बगताराम और भंवरलाल सहित युवाओं की टीम ने मिलकर खेळी में जमा काई और कीचड़ को हटाया। साथ ही आसपास फैली गंदगी को भी साफ कर दिया।
साजनराम जाखड़ ने बताया कि लंबे समय से खेळी में गंदगी जमा होने के कारण पशुओं को पानी पीने में परेशानी हो रही थी और बदबू से हालात खराब थे। श्रमदान के जरिए सफाई कर अब पशुओं को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया गया है।
युवाओं ने कहा कि वे आगे भी गौ-हित और सामाजिक कार्यों के लिए इसी तरह सक्रिय रहेंगे।