श्रीडूंगरगढ़ ONE 7 अप्रैल 2026। कस्बे के आड़सर बास में स्थित अंग्रेजी माध्यम संस्कार इनोवेटिव स्कूल में विधिक सेवा प्राधिकरण के बैनर तले साइबर सुरक्षा के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष व अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हर्ष कुमार ने किशोर व युवा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर खतरों के प्रति जागरूक रहने को हर घर में सुनिश्चित किए जाने की जरूरत है। हर्ष कुमार ने पासवर्ड व ओटीपी के बारे में जानकारी देते हुए सर्तक रहने की बात कही। हर्ष कुमार ने कहा कि साइबर अपराध के बारे में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपराध की जानकारी दी जावे। उन्होंने संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और सार्वजनिक वाई फाई पर संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने की बात कही। तालुका कोर्ट के सचिव जगदीश चौधरी ने साइबर अपराधों के विरूद्ध कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए इसमें सख्त सजा के प्रावधानों के बारे में बताया। चौधरी ने श्रीडूंगरगढ़ ONE को बताया कि तालुका मुख्यालय पर स्थित दोनों न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों ने दो अलग अलग विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न किए। दोनों विद्यालयों में एक-एक शिकायत पेटिका भी रखवाई गई है, जिसमें कोई भी विद्यार्थी अपनी लिखित शिकायत डाल सकता है। स्कूल के निदेशक मनोज गुसाईं ने अतिथियों का सम्मान किया। इस दौरान प्रधानाचार्य ललिता गुसाईं सहित स्टाफ और विद्यार्थी शामिल हुए।