कार्यक्रमों की शुरुआत पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन के साथ हुई। इसके बाद बौद्धिक सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें संघ की विकास यात्रा, चुनौतियों और सामाजिक स्वीकृति के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने संघ के पंच परिवर्तन और बढ़ते प्रभाव पर भी विस्तार से चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, बौद्धिक सत्रों में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि 1 से 16 नवंबर तक संघ का व्यापक गृह संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 20 जनवरी से 10 फरवरी तक मंडल/बस्ती स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित करने की योजना है।
बिग्गा में सेवा भारती प्रांत टोली के सदस्य लक्ष्मीनारायण भादू, सांवतसर में श्रीडूंगरगढ़ खंड कार्यवाह पवन गोयतान, रिड़ी में संघ के प्रांत सेवा प्रमुख नटवरलाल, और आडसर में बीकानेर विभाग कार्यवाह प्रदीप कुमार ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रमों की अध्यक्षता क्रमशः रिड़ी में चेतनराम जाखड़, आडसर में अजय राज छाजेड़, बिग्गा में किशोर सिंह व सांवरमल ने की।
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया, जो समाज में उत्सव के प्रति विशेष उत्साह को दर्शाता है।
इसी क्रम में आगे भी कई स्थानों पर पथ संचलन आयोजित किए जाएंगे। आज शाम बापेऊ मंडल का पथ संचलन बापेऊ ग्राम में होगा। 4 अक्टूबर को पूनरासर मंडल का संचलन पूनरासर ग्राम में और हेमासर मंडल का संचलन बेनीसर ग्राम में होगा। श्रीडूंगरगढ़ नगर की आडसर बस्ती का संचलन आदर्श विद्या मंदिर से प्रारंभ होगा।