महात्मा गांधी अंग्रेजी स्कूल में पालिकाध्यक्ष सहित अभिभावकों ने लगाए पौधे।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। श्रीकन्हैयालाल सिखवाल राउमावि में शनिवार को अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। जिसमें विद्यालय विकास और विद्यार्थियों के लिए ओर अच्छे प्रयास किए जाने पर विस्तृत चर्चा हुई। वहीं नए सत्र के प्रारंभ होने के अवसर पर विद्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने पौधा लगाया व विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभिभावकों ने भी पौधारोपण में भाग लिया। विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर पौधे लगाए व इनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। प्रधानाचार्य विमला गुर्जर ने सभी का आभार जताया। पूरा स्टाफ इस दौरान सक्रिय रहा।
जय हिंद स्पोर्टस एकेडमी के जूडो खिलाड़ियों ने जीते कई स्वर्ण पदक।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। जय हिंद स्पोर्ट्स एकेडमी के जूडो खिलाड़ियों ने जसरासर में आयोजित जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में श्रीडूंगरगढ़ के आदित्य तावणियां ने 60 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 73 किलोग्राम वर्ग में नरेंद्र पुत्र राजूराम, 81 किलोग्राम भारवर्ग में हेमंत शर्मा पुत्र मनोज शर्मा, 90किलोग्राम भारवर्ग में प्रदीप दान पुत्र शंकरदान ने स्वर्ण पदक और 100 किलोग्राम भारवर्ग में लालचंद सायच पुत्र भंवरलाल सायच ने भी स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। एकेडमी के संस्थापक सिकंदर सिंह ने बताया कि इन सभी खिलाड़ियों का चयन 18 से 20 जुलाई को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जहां वे बीकानेर टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रशिक्षक मुकेश जांगिड़ व जितिन सिंह ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।
श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में 15 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण हुआ संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में चल रहे निःशुल्क 15 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को संपन्न हुआ। समापन समारोह में प्रबंधक समिति के सचिव श्याम महर्षि ने इस प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में रोजगार व कौशल विकास की क्षमताओं को विकसित कर सकेगा। ऐसे कार्यक्रम से विद्यार्थी बाजार, रिटेल व कम्प्यूटर कार्यक्रमों में दक्षता हासिल करते है। उपसचिव रामचंद्र राठी ने भी विचार व्यक्त किए व प्राचार्य डॉ. विनोद सुथार ने अतिथियों का आभार जताया। कौशल विकास कोर्स इनफोसिस फाउंडेशन और लोकभारती एजुकेशन सोसायटी के विचार व्यास ने बताया कि इस 15 दिवसीय परीक्षण में बैंकिंग फाइनेंस इंश्योरेंस सर्विस, रिटेल मैनेजमेंट सहित कम्प्यूटर मैनेमेंट में महाविद्यालय के 40 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इस दौरान कौशल विकास कोर्स के ट्रेनर राज सर ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सुनील आचार्य, डॉ.राजेश सेवग, महावीर धामा सहित महाविद्यालय स्टॉफ मौजूद रहा। इस कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय में खेल मैदान व गार्डन में विद्यार्थियों व प्रबंधन समिति सदस्यों द्वारा 51 पौधे भी लगाए गए। विद्यार्थियों ने इनकी सार संभाल की जिम्मेदारी भी ली। पौधरोपण कार्यक्रम में बागवान जगदीश प्रसाद माली मौजूद रहें।
कमला देवी सिखवाल की पुण्यतिथि पर विधायक सहित अनेक मौजिजों ने दी श्रद्धाजंलि।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। दिवंगत कमला देवी सिखवाल की 10वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को आयोजित श्रद्धाजंलि सभा में विधायक ताराचंद सारस्वत सहित अनेक मौजिजों ने उन्हें श्रद्धाजंलि दी। सभा में विधायक ने अपने परिवारों के पूर्वजों के प्रति श्रद्धा रखने व समय समय पर उनसे प्रेरणा लेने की चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस पीसीसी सदस्य हरिराम बाना, सीताराम सोनी, शंकर, कानाराम, मघराज मूंधड़ा, सत्यनारायण सहित अनेक मौजिज लोगों ने सिखवाल को श्रद्धाजंलि दी।