दी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, श्रीडूंगरगढ़ शाखा में शनिवार को एक भावुक माहौल था। यहां वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुरजाराम मेहरा अपनी सेवानिवृत्ति पर सम्मानित किए गए। इस अवसर पर बीकानेर से आए अधिषाशी अधिकारी धमेन्द्र रेप्सवाल, मुख्य प्रबंधक मेहंदी हसन, वरिष्ठ प्रबंधक सुभाष चौधरी, वरिष्ठ प्रबंधक गोविंद मेहरा और श्रीडूंगरगढ़ शाखा प्रबंधक राजेश मीणा ने उनकी सेवाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की ग्राम सेवा सहकारी समितियों के व्यवस्थापकों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने मेहरा के लंबे कार्यकाल, कार्यशैली की उत्कृष्टता और समर्पित नेतृत्व को याद किया। अतिथियों ने मेहरा की बैंकिंग सेवा को ईमानदारी, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का संगम बताया। श्रीडूंगरगढ़ व्यवस्थापक यूनियन के अध्यक्ष गोविंद पारीक ने बताया कि मेहरा को उनके सहकर्मियों और व्यवस्थापकों ने भव्य सम्मान दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उदरासर गांव के वैद्य मघाराम राजीयक उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को खुशी का माहौल था। हेल्पिंग हैंड सोसायटी, सूरत द्वारा यहां बच्चों को स्टेशनरी और बैग वितरित किए गए। प्राचार्य की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में तेजकरण धाडेवा अतिथि के रूप में उपस्थित थे। सरपंच प्रशासक किशन गोदारा ने ग्रामीणों की ओर से आभार व्यक्त किया। ग्रामीण मालाराम पंचारिया, चुन्नीलाल, सूरजनाथ, देदाराम पंचारिया, डालचंद, नंदराम स्वामी, बाबूलाल, मंगलाराम मेघवाल, परमाराम जाखड़, पेमाराम जाखड़, दिलीप कुमार सहित अनेक लोग इस अवसर पर मौजूद रहे।
श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के जूता-चप्पल विक्रेताओं ने शनिवार शाम एक बैठक में सर्वसम्मति से फूटवियर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया। बैठक में हर महीने के आखिरी रविवार को पूर्ण बंदी रखने का भी फैसला लिया गया। घनश्याम आलवानी को अध्यक्ष चुना गया, जबकि गणपतराम रेगर उपाध्यक्ष होंगे। रामप्रताप महिया को संगठन मंत्री, छतरमल जैन को सचिव और सांवरमल डाबी को मंत्री चुना गया है। उमाशंकर लालवानी और गौरव वासवानी मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
लोक समता समिति के महामंत्री तुलसीराम चौरडिया ने नगरपालिका के अधिषाशी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने मुख्य बाजार स्थित स्टेट बैंक की मुख्य शाखा और पोस्ट ऑफिस के पास जर्जर शौचालय का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। चौरडिया का कहना है कि इस गली में प्रतिदिन हजारों लोगों का आना-जाना होता है और शौचालय की कमी से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।