सरसजी मंदिर में होगा भव्य मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह, किया बैनर का विमोचन।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गांव ठुकरियासर के सरसजी मंदिर में आगामी 4 मार्च को विधि विधान से मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होगा। मंदिर निर्माण समिति के सदस्य आयोजन की व्यापक तैयारियों में जुट गए है। शुक्रवार को मंदिर परिसर में बैनर का विमोचन किया गया। सरस सेना के मीडिया प्रभारी सम्पत सारस्वत ने बताया कि सरसजी महाराज मन्दिर निर्माण समिति के अध्यक्ष तुलसीराम सारस्वा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें उपाध्यक्ष मदनलाल सारस्वा, सचिव मदनलाल तावनियां, समिति के वरिष्ठ सदस्य भैंराराम शर्मा, श्रीराम सारस्वा, जगदीश प्रसाद, बजरंगलाल, सत्यनारायण, नन्दलाल नाई, महावीर प्रसाद शर्मा, सेना के अध्यक्ष हनुमानसिंह गोदारा, उपाध्यक्ष भरत शर्मा, गोपालराम शर्मा, श्रीभगवान शर्मा, देव सारस्वत, नरेंद्रनाथ भादू सहित अनेक श्रद्धालु शामिल रही। समिति सदस्यों ने आयोजन की रूपरेखा तय की और सुबह 11:15 बजे मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी और रात्रि में भव्य जागरण होगा। जिसमें गजेंद्र अजमेरा, खेमाराम धायल एंड पार्टी और डीसी धारीवाल, सांवर मान्झु एंड पार्टी के द्वारा भव्य जागरण प्रस्तुति दी जायेगी।
राधा-कृष्ण ग्रुप ने भजन कीर्तन के साथ मनाया फागोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। फाल्गुन माह की एकादशी को शुक्रवार से फागोत्सव के आयोजन प्रारंभ हो गए है। मोमसर बास में स्थित ठाकुरजी मंदिर में शुक्रवार को राधे कृष्णा ग्रुप द्वारा फाग उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन के साथ फूलों की होली खेली गई। महिलाओं ने एक दूसरे को गुलाल लगा कर बधाइयां दी।
अखिल भारतीय किसान सभा, बीकानेर का 22वां जिला सम्मेलन कल।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। अखिल भारतीय किसान सभा, जिला बीकानेर का 22वां जिला सम्मेलन शनिवार, 14 फरवरी को वेटेरनरी ऑडिटोरियम हॉल, महाराजा करणीसिंह सर्किल के पास, बीकानेर में आयोजित किया जाएगा। तहसील मीडिया प्रभारी गौरव टाडा ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में श्रीडूंगरगढ़, लूनकरनसर, बीकानेर सदर, खाजूवाला, नोखा, पूगल, उपतहसील सूडसर, बज्जू एवं छत्तरगढ़ क्षेत्रों से करीब 500 चुनिंदा किसान प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन को मुख्य वक्ता राज्य अध्यक्ष व पूर्व विधायक कॉमरेड पेमाराम मेघवाल संबोधित करेंगे। उनके साथ पूर्व प्रदेश सचिव व पूर्व विधायक कॉमरेड बलवान पूनिया, जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक कॉमरेड गिरधारीलाल महिया, किसान नेता कॉमरेड लालचंद भादू तथा जनवादी महिला समिति की प्रदेश महासचिव डॉ. सीमा जैन सहित कई वरिष्ठ किसान नेता अपने विचार रखेंगे। जिला सचिव जेठाराम लाखुसर पिछले तीन वर्षों में किसानों के हक में किए गए संघर्षों एवं आंदोलनों की विस्तृत लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही जिलेभर की ज्वलंत किसान समस्याओं को चिन्हित करते हुए आगामी निर्णायक संघर्ष की रूपरेखा पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। सम्मेलन में नई जिला कार्यकारिणी का चुनाव भी संपन्न होगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाया जा सके। किसान सभा ने जिले के सभी किसान प्रतिनिधियों से समय पर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।
यूनिवर्सिटी क्रॉस कंट्री 10 किलोमीटर रेस विजेता बने ओमप्रकाश।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के विद्यार्थी ओमप्रकाश पुत्र बक्शाराम ने राजकीय लोहिया महाविद्यालय, चूरू में आयोजित यूनिवर्सिटी क्रॉस कंट्री 10 किलोमीटर रेस में शानदार प्रदर्शन किया। ओमप्रकाश प्रतियोगिता में प्रदेश भर के खिलाड़ियों को पछाड़ कर विजेता बने। इसके साथ ही उनका चयन महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी की टीम में राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर प्रबंध समिति अध्यक्ष हरिशंकर बाहेती ने खिलाड़ी का मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। संस्था के सचिव श्याम महर्षि, उपसचिव रामचंद्र राठी, विजय महर्षि, व्याख्याता पवन सिद्ध, महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद सुथार ने खिलाड़ी ओमप्रकाश का माला पहनाकर अभिनंदन किया। खेल प्रशिक्षक मुकेश जांगिड़ ने बताया कि ओमप्रकाश आगे रोहतक यूनिवर्सिटी (हरियाणा) में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।
भीखीदेवी गोलछा को दी श्रद्धांजलि।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। मालू भवन सेवा केन्द्र में साध्वी सरसप्रभा की संसार पक्षीय माता भीखीदेवी गोलछा की स्मृति में शुक्रवार सुबह श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया। साध्वी संगीतश्री एवं साध्वी परमप्रभा के सान्निध्य में आयोजित स्मृति सभा में सभी परिवारजन उपस्थित रहें। साध्वियों ने शोकाकुल परिवार को आध्यात्मिक संबल प्रदान किया। इस अवसर पर साध्वी सरसप्रभा, साध्वी विवेकश्री, साध्वी ललितरेखा एवं साध्वी ऋजुप्रज्ञा ने गीतिका के माध्यम से भावांजलि अर्पित की, स्मृति सभा में उपस्थित गौतमचंद, शांतिलाल, मनोज कुमार, रेखा देवी, जीवराज, जसराज, राजेन्द्र एवं अशोक बुरड़ सहित अन्य परिजनों ने दिवंगत के व्यक्तित्व एवं जीवन मूल्यों को याद करते हुए अपने भावपूर्ण उद्गार व्यक्त किए।