डूंगरगढ़ one 23 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। दिसंबर का महीना समाप्त होने को है। इस बार अब तक ठंड और कोहरे की कमी से फसलों पर संकट के बादल छाए हुए थे। सर्दी नहीं बढ़ने और दोपहर में तेज धूप निकलने से फसलों की बढ़वार प्रभावित हो रही थी। इससे किसान वर्ग चिंतित नजर आ रहा था।
सोमवार को चली ठंडी उत्तरी हवा ने मौसम में बदलाव के संकेत दिए थे। मंगलवार सुबह श्रीडूंगरगढ़ अंचल में सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा। खेतों से लेकर सड़कों तक कोहरे की परत नजर आई।
किसानों का कहना है कि यह कोहरा फसलों के लिए संजीवनी साबित होगा। कोहरे से नमी मिलने पर फसलों की बढ़वार में तेजी आने की उम्मीद है। किसानों के अनुसार अब तक ठंड के अभाव में फसलें कमजोर पड़ रही थीं।
कोहरे से यातायात प्रभावित
घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। सीकर से सब्जी लेकर आ रहे वाहन चालक महावीर प्रसाद ने बताया कि दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे वाहन चलाने में परेशानी हो रही है।
वाहन चालकों से अपील
कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। वाहन की गति धीमी रखें। आगे-पीछे की सभी लाइटें चालू रखें।
(फ़ोटो: गौरीशंकर शर्मा, सातलेरा)