एमडीएमए तस्करी मामले में एक आरोपी को एक दिन की पुलिस अभिरक्षा, चोरी के आरोपियों को 3 दिन का रिमांड
डूंगरगढ़ one 19 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों की पुलिस अभिरक्षा की मांग की थी। मामलों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट ने दोनों प्रकरणों में आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।
एमडीएमए मामले में नया आरोपी आया सामने
12 फरवरी को दर्ज नशीले एमडीएमए के मामले में गिरफ्तार आरोपी रविशंकर जांगीड़, मयंक शर्मा व नारायण नाथ से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि एमडीएमए की खरीद-फरोख्त अनिल बिश्नोई के नाम से की गई थी।
इसके साथ ही कमल महिया पुत्र पन्नालाल महिया, निवासी कालूबास की भी इस मामले में संलिप्तता पाई गई।
पुलिस ने आरोपी अनिल बिश्नोई पुत्र भंवरलाल बिश्नोई, निवासी फलौदी को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया। एसीजेएम हर्ष कुमार की कोर्ट ने आरोपी अनिल बिश्नोई को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजते हुए 20 फरवरी को पुनः पेश करने के आदेश दिए हैं।
इंदपालसर हथाना चोरी मामला: आदतन अपराधी सहित दो आरोपी रिमांड पर
वहीं, 4 फरवरी को इंदपालसर हथाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों गारबदेसर- कालू निवासी सीताराम स्वामी तथा नत्थूराम स्वामी को कोर्ट में पेश कर पुलिस अभिरक्षा की मांग की।
गौरतलब है कि आरोपी सीताराम स्वामी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसीजेएम हर्ष कुमार की कोर्ट ने दोनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस अभिरक्षा प्रदान करते हुए 22 फरवरी को पुनः न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए हैं।