श्रीडूंगरगढ़, 23 सितम्बर 2025। कस्बे के भादानी कटले के आगे की सड़क, जो ड्रेनेज नाले डालने के लिए तोड़ी गई थी, पिछले दो महीनों से व्यापारियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। नाले तो बिछा दिए गए, लेकिन सड़क की मरम्मत का काम अधर में लटका रहा, जिससे सड़क किनारे के दुकानदार भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
जहाँ कस्बे के लोग वर्षों से टूटी सड़कों की मरम्मत का इंतजार कर रहे हैं, वहीं इस सड़क की दुर्दशा ने व्यापारियों को और भी निराश कर दिया है। दुकानदारों का कहना है कि टूटी-फूटी सड़क पर दिनभर उड़ती धूल उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गई है।
दुकानदार सुरेश भादानी ने बताया कि धूल-मिट्टी के कारण अस्थमा और एलर्जी जैसी बीमारियाँ फैल रही हैं। ग्राहकों का आना कम हो गया है, क्योंकि वे इस सड़क पर गिरने के डर से बचते हैं, जिससे व्यापार में भारी नुकसान हो रहा है।
दुकानदार राजकुमार तावनिया ने बताया कि नगरपालिका को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
मंगलवार को, थक-हारकर दुकानदारों ने नगरपालिका ईओ के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क का निर्माण या मरम्मत कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया, तो वे धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।
आक्रोश जताने वाले दुकानदारों में सुरेश कुमार भादानी, पवन कुमार, श्रवण कुमार शर्मा, संदीप दर्जी, वासुदेव सोनी, लक्ष्मण सोनी, राजकुमार भार्गव, सीताराम मेघवाल, बाबुलाल नाई, मनोज सोनी, रूपाराम प्रजापत, महावीर जोशी, ओमप्रकाश तुनगरिया, देवेंद्र, श्यामसुंदर जोशी, दिलीप, सोनू, सुनील, रमेश चौधरी, दीपक सेठिया, श्यामसुंदर पारीक, रमेश, राजकुमार तावनिया, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, पंकज भादानी सहित अनेक व्यापारी शामिल थे।
यह देखना दिलचस्प होगा कि नगरपालिका इस गंभीर मुद्दे पर कब ध्यान देती है और इन व्यापारियों को इस परेशानी से कब मुक्ति मिलती है।