श्रीडूंगरगढ़ ONE 13 मार्च 2026। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के क्षेत्र में कार्यरत राजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा शुक्रवार को पंचायत समिति के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के तहत सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्नों समूहों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 लखपति दीदी का सम्मान किया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए मेरा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग बीकानेर की निदेशक रूबी पाल ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने की प्रेरणा दी। बैंक सेवाओं में कार्यरत लक्ष्मण मोडासिया ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समूह गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। नाबार्ड के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास प्रबंधक रमेश ताम्बिया ने महिला सशक्तिकरण और जेंडर समस्याओं पर अपने विचार रखते हुए उपस्थित महिलाओं से विस्तृत संवाद किया। कार्यक्रम में शक्ति सीएलएफ आडसर की कोषाध्यक्ष भंवरी कंवर (रेवाड़ा) ने विपरीत परिस्थितियों में अपनी बेटियों को पढ़ाकर समाज में सकारात्मक संदेश देने की बात कही। प्रगति सीएलएफ सोनियासर मीठिया की सदस्य सुमित्रा धानिया ने राजीविका समूह से जुड़कर आजीविका मजबूत होने का अनुभव साझा किया। बेटी पढ़ाओ सीएलएफ की सदस्य मोनिका सारण ने कहा कि समाज में बढ़ती समानता के कारण महिलाएं समूहों से जुड़कर अच्छी आय अर्जित कर रही हैं।
राजीविका जिला परियोजना प्रबंधक दिनेश मिश्रा ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं लखपति दीदी, सोलर दीदी, कृषि सखी और पशु सखी जैसी योजनाओं के माध्यम से आजीविका के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। कार्यक्रम के अंत में राजीविका के ब्लॉक परियोजना प्रबंधक रघुनाथ डूडी ने सभी अतिथियों व उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ के लेखाधिकारी संदीप, पीए एमआईएस ममता शर्मा, एरिया कोऑर्डिनेटर मदन बेनीवाल, सीएलएफ अध्यक्ष गुड्डी देवी, कोषाध्यक्ष सुन्दर देवी, भंवरी देवी, क्लस्टर मैनेजर शोभा देवी, गंगा मेघवाल, मोनिका सारण सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।