डूंगरगढ़ one 19 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचन्द सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जयपुर स्थित उनके निवास पर मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े अहम विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक ने श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर और अस्पताल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
विधायक सारस्वत ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर और अस्पताल की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरी होने से गंभीर मरीजों को अब समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
मुलाकात के दौरान विधायक ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बाईपास निर्माण, बस स्टैंड निर्माण, सीवरेज सिस्टम, एथलेटिक्स स्टेडियम व खेल मैदान, हाईवे फोरलेन और नए ट्यूबवेलों के निर्माण जैसे विकास कार्यों की भी आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए अन्य विकास कार्यों को लेकर शीघ्र उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। विधायक सारस्वत ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से श्रीडूंगरगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।