श्रीडूंगरगढ़ ONE 1 जनवरी 2025। छोटे से गांव की बालिका मोनिका 15 से 18 वर्षीय खो-खो में नेशनल के मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन कर रही है।
गांव गुसाईंसर बड़ा निवासी मोनिका पुत्री राजूदास स्वामी बैंगलुरू (कर्नाटक) में भारतीय खो-खो संघ के बैनर तले आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में खेल रही है। मोनिका ने बताया कि पूर्व में भी दो बार वह नेशनल कैंप के लिए लिस्टेड हो चुकी थी, और दोनों बार ही प्रशिक्षण शिविर से उसे निराश लौटना पड़ा। इस बार प्रशिक्षण कैंप सफल रहा और उसका सलेक्शन राजस्थान की टीम में हो गया। अब वह बैंगलुरू में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में खेल रही है। मोनिका ने बताया कि बुधवार 31 दिसंबर को राजस्थान की टीम ने मणिपुर को हराया और गुरूवार 1 जनवरी को मध्यप्रदेश की टीम को हरा दिया है। राजस्थान की टीम खिताब की ओर बढ़ रही है। सक्रिय युवा दुलदास स्वामी ने बताया कि गत वर्षों में मोनिका की माँ के देहांत के बाद वह मायूस हो गई थी, परंतु अपने पिता के साथ से उसने हिम्मत नहीं हारी। घर के सभी कामकाज व पढ़ाई करने के साथ वह खेल में भी आगे बढ़ कर परिवार का नाम रोशन कर रही है। पिता राजूदास ने बेटी पर गर्व जताया और अनेक परिजनों व खेल प्रेमियों ने मोनिका को नेशनल खेलने की बधाई दी है।