डूंगरगढ़ one 20 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान विधानसभा में कृषि एवं सहकारिता विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में किसानों के नाम पर केवल राजनीति की और माफिया तंत्र के जरिए उन्हें लूटने का काम किया।
भाजपा सरकार के सख्त कदमों की सराहना
विधायक सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा और सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासन से चले आ रहे भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि जब आम लोग सर्द रातों में घरों में सो रहे थे, तब मंत्री स्वयं नकली खाद-बीज माफिया और किसानों का शोषण करने वालों के खिलाफ छापेमारी कर रहे थे।
नकली खाद-बीज माफिया पर फिर से जांच की मांग
सारस्वत ने कहा कि जिन अधिकारियों पर पहले कार्रवाई हुई थी और जो प्रभाव के चलते दोबारा उन्हीं पदों पर पहुंच गए हैं, उनकी पुनः जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।
बीकानेर जिले की कृषि समस्याएं उठाईं
विधायक ने बताया कि बीकानेर जिला में सिंचाई पूरी तरह ट्यूबवेल आधारित है, लेकिन डिग्गी व जीएलआर निर्माण की अनुमति नहीं होने से किसान वंचित हैं। उन्होंने वर्षा जल के साथ-साथ ट्यूबवेल से डिग्गी भरने की अनुमति देने की मांग की।
कृषि विभाग में स्टाफ की कमी
उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ उपखंड में नए कृषि पर्यवेक्षक मुख्यालय सृजित करने की मांग की, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
पॉली हाउस व भंडारण योजनाओं में सुधार की मांग
विधायक ने पॉली हाउस योजना में अनुदान और आकार घटाए जाने पर आपत्ति जताते हुए दोनों बढ़ाने की मांग की। साथ ही “प्याज भंडारण योजना” का नाम बदलकर कृषि उत्पाद भंडारण गृह करने तथा अनुदान राशि बढ़ाने की मांग रखी।
यूरिया-डीएपी की कालाबाज़ारी पर चिंता
सारस्वत ने कहा कि आधार कार्ड से बिल काटकर खाद को ब्लैक में बेचा जा रहा है। उन्होंने खाद वितरण को सिंचाई पर्ची या ट्यूबवेल बिजली बिल से जोड़ने का सुझाव दिया।
उन्होंने बताया कि उनकी मांग पर सरकारी खरीद में बिजली बिल अनिवार्य करने से अकेले बीकानेर जिले में करीब 500 करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा रोका जा सका।
MSP खरीद में फर्जीवाड़े का आरोप
विधायक ने कहा कि कांग्रेस शासन में फर्जी गिरदावरी, फर्जी टोकन और माफिया तंत्र के जरिए किसानों को लूटा गया। कुछ ग्राम सेवा सहकारी समितियां (GSS) और पटवारी भी इसमें शामिल रहे। उन्होंने दोषियों पर केस दर्ज करने और वर्षों से जमी कब्जेदारी हटाने की मांग की।
पूर्व नेताओं को किया याद
सारस्वत ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की थीं।
किसान अब जागरूक
अंत में विधायक ने कहा कि किसान अब जागरूक हो चुका है और खोखले नारों में नहीं आएगा। उन्होंने कृषि व सहकारिता विभाग में सक्रिय माफिया, भ्रष्ट अधिकारियों और दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।