डूंगरगढ़ one 25 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के गांव लिखमादेसर स्थित हँसोजी धाम में श्रीडूंगरगढ़ के भामाशाह मोहनलाल सिंघी द्वारा निर्मित भव्य कथा हॉल का उद्घाटन रविवार को गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में किया गया। कार्यक्रम के दौरान भामाशाहों व अतिथियों का ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता बजरंग सोमाणी ने बताया कि मोहनलाल सिंघी द्वारा क्षेत्र में पूर्व में भी अनेक विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। कथा मंच निर्माण का प्रस्ताव सामने आने पर उन्होंने तुरंत सहमति प्रदान की।
लोकार्पण समारोह में महंत भवँरनाथ, भामाशाह मोहनलाल सिंघी, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा एवं प्रेरक बजरंग सोमाणी ने फीता काटकर कथा हॉल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अशोक सिंघी, विनोद राठी, जगदीश गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सुमति पारख ने की 7.51 लाख रुपए की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान अणुव्रत समिति श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष व भामाशाह सुमति पारख ने 7 लाख 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की। यह राशि भव्य यज्ञशाला निर्माण में उपयोग की जाएगी तथा उनके स्वर्गीय पिता विजयसिंह पारख की स्मृति में शिलालेख लगाया जाएगा। इस दौरान उनके पुत्र आयुष व अमन पारख भी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने भामाशाहों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।