बेनीवाल यहां आरएलपी के स्थापना दिवस पर बीकानेर में आयोजित होने वाली रैली के लिए कार्यकर्ताओं से संपर्क करने पहुंचे थे। उन्होंने 2028 के चुनाव को आरएलपी का लक्ष्य बताते हुए कहा कि राजस्थान की तकदीर तभी बदलेगी, जब जनता का आशीर्वाद वोट के रूप में मिलेगा और बच्चों व युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा।
बेनीवाल ने श्रीडूंगरगढ़ और बीकानेर की आरएलपी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ता सड़कों पर संघर्ष करते हुए मिलते हैं और न्याय के लिए लड़ने वाले सिपाही हैं। उन्होंने 29 अक्टूबर को बीकानेर में होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए युवाओं और किसानों से भारी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया। इस दौरान उत्साहित कार्यकर्ताओं ने बेनीवाल और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में डॉ. विवेक माचरा सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने से पहले हनुमान बेनीवाल गांव ठुकरियासर पहुंचे, जहां उत्साहित युवाओं ने तीन लोढर और डीजे के साथ पुष्पवर्षा करते हुए उनका भव्य स्वागत किया। युवाओं ने “हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, हनुमान बेनीवाल जैसा हो” के नारे लगाए और फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया। बेनीवाल ने सभी से 29 अक्टूबर को बीकानेर पहुंचने का आह्वान किया, जिसके जवाब में युवाओं ने जमकर नारेबाजी की।