बालोतरा के पचपदरा में आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बीकानेर की 19 वर्षीय छात्रा टीम ने रजत पदक अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में बीकानेर का सामना उदयपुर से हुआ। बीकानेर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में 129 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उदयपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 ओवरों में ही दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
बीकानेर टीम की कप्तान सरिता घिंटाला ने अर्धशतकीय पारी खेली, जो टीम के लिए प्रेरणादायक रही। उल्लेखनीय है कि इस टीम में श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 8 खिलाड़ी छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें लिखमीसर की 2, बादनूं की 6, तेजरासर की 1, दंडी से 1 और गोडू बज्जू की 6 छात्राएं शामिल थीं।
टीम को प्रोत्साहित करने के लिए रणवीरसिंह (कोच) जयपुर, अणदाराम पूनिया, रामनिवास भूवाल, सुभाष, रघुवीरसिंह कड़वासरा, रोहिताश, मोनिका (शिक्षिका), रामचन्द्र (लाईब्रेरीयन) पूजा सारस्वत आदि उपस्थित थे। सभी ने टीम को बधाई दी और भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, ब्यावर के गैनपुरा में आयोजित 14 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता में बीकानेर की छात्र और छात्रा दोनों टीमों ने कांस्य पदक जीतकर बीकानेर का गौरव बढ़ाया है।
बाडेला के खिलाड़ी जगदीश पुत्र किशनाराम ज्याणी को बेस्ट ऑल राउंडर चुना गया, जो उनकी प्रतिभा का प्रमाण है। अनिता पुत्री कानाराम राईका ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। छात्र टीम में नोसरिया के प्रिंस सारण और छात्रा टीम में रीड़ी से आईना, आरती और रमेश ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बालक-बालिकाओं की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसके लिए टीम कोच और प्रभारी ने उन्हें हार्दिक बधाई दी।
इन युवा खिलाड़ियों की सफलता बीकानेर के खेल परिदृश्य के लिए एक शुभ संकेत है। यह युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करेगी।