**श्रीडूंगरगढ़, 31 जुलाई 2025:**
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन द्वारा गुरुवार को जयपुर स्थित कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय स्वराज सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से कांग्रेसी नेता और संगठन के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना तथा संभाग प्रभारी विमल भाटी ने भाग लिया। उन्होंने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पंवार, प्रदेश अध्यक्ष सीबी यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, संगठन के राष्ट्रीय महासचिव नारायण सिंह राठौड़, प्रदेश महामंत्री ओमकार वर्मा, विकास बुडानिया, मंजू चौधरी, और सदाराम विश्नोई सहित कई नेताओं ने संगठन को मजबूत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी हित में सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को देशहित के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं को इससे जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश भर से जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे। हरिराम बाना ने जानकारी दी कि आगामी माह में बीकानेर में जिला स्तरीय स्वराज सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।