श्रीडूंगरगढ़ ONE 14 दिसंबर 2025। राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका द्वारा स्वच्छता, जन-जागरूकता व नागरिक सहभागिता हेतु रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक ताराचंद सारस्वत ने आमजन से स्वच्छता के लिए जागरूक होने का आह्वान किया। सारस्वत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ, सुथरा और स्वच्छ रखने का संकल्प लें। इससे स्वच्छ भारत की परिकल्पना साकार होगी और सबके छोटे छोटे प्रयास महत्वपूर्ण साबित होंगे। इस दौरान नगर के मुख्य बाजार स्थित नवीन बस स्टैण्ड पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही ओसवाल श्मशान भूमि में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित कर साफ-सफाई की गई, जिससे सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया गया। इस अवसर उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को “स्वच्छता ही सेवा” की शपथ दिलवाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने एवं नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बस स्टैण्ड परिसर में नगरपालिका प्रशासन द्वारा आमजन से स्वच्छता अभियानों में भागीदारी निभाने की अपील की गई तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान नगरवासियों को यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा, ईओ श्रीवर्द्धन शर्मा, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाई, भवानीप्रकाश तावणिया, पार्षद लोकेश गौड, रजत आसोपा, सैजाद, हरीश गुर्जर, जितेन्द्र भोजक, कुलदीप, धनराज पाण्डिया, करणीदान, अजय शर्मा, मोहित सारस्वत, सोनू नाई, राजीव शर्मा, अजहरूदीन, जगदीश सिद्ध, पालिका हल्का जमादार, समस्त सफाई कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहें।