श्रीडूंगरगढ़ ONE 26 जनवरी 2026। बाबा रामदेव की चांदी समाधि प्रतिमा की स्थापना कस्बे में माघ दशमी को समारोह पूर्वक होगी। गोपाल गौशाला के पास स्थित बाबा रामदेव के प्राचीन मंदिर में कल से शुरू होगा दो दिवसीय मूर्ति स्थापना महोत्सव, इस अवसर पर बाबा के मेला भरेगा और सैंकड़ों श्रद्धालु महोत्सव में शामिल होंगे। धूमधाम से श्रद्धालु महोत्सव की विभिन्न तैयारियां उल्लास के साथ कर रहें है। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन जारी है। समारोह के लिए मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है।
मंदिर समिति के सुरेश कुमार तापड़िया ने बताया कि मंगलवार 27 जनवरी को मंदिर प्रांगण से भव्य झांकी एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। भव्य झांकी गाजे बाजे के साथ नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंच कर पूर्ण होगी। मंगलवार रात्रि को विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ब्यावर से आमंत्रित कलाकार भागचंद सोलीवाल एवं स्थानीय कलाकार हीरालाल सिखवाल व भूमिका पांडिया अपनी भाव भरी प्रस्तुतियां देंगे। इसी दिन रामदेवरा से अखंड ज्योत का आगमन भी होगा। अखंड ज्योत के लिए मंदिर पुजारी लीलाधर भार्गव सहित हरिप्रसाद तापड़िया, सुरेश तापड़िया, प्रहलाद मूंधड़ा, पवन डागा, महेश तापड़िया एवं गोरधन भार्गव सहित अनेक संघ सदस्य एवं भक्त बाबा के दरबार गए है। बुधवार 28 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा, हवन एवं महाप्रसाद के साथ संपन्न होगा। बुधवार को प्रातः सवा दस बजे बाबा रामदेव की भव्य चांदी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह मूर्ति रामदेवरा में स्थापित मुख मूर्ति की हुबहू प्रतिकृति है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होंगे व हजारों लोग बाबा के दर्शन करने पहुंचेगें।