श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 मार्च 2026। एक महिला को घर से घसीट कर निकाल देने व उसके मकान पर जबरन कब्जा करने के आरोप में श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है।
थानाधिकारी कश्यम सिंह राघव ने बताया कि बिग्गाबास निवासी कविता पत्नी सुरेश सिंधी ने जसवंत सिंधी व अन्य दो तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति जयपुर में काम करता है और वह अक्सर जयपुर में ही रहता है। उनका एक मकान बॉम्बे कॉलोनी में है जिसकी देखभाल वही करती है। 30 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने बॉम्बे कॉलोनी स्थित मकान की देखभाल करने गई। जब वह मकान में थी, तभी वहां जसवंत सिंधी व दो तीन अन्य जने घर में घुसे और मारपीट करने लगे। बदनियती से बदसलूकी की और आरोपियों ने उसे घसीट कर घर से बाहर निकाल दिया। मकान पर ताला लगाकर पीड़िता को बच्चो सहित जान से मारने की धमकी दी। 16 फरवरी की सुबह 10.30 बजे उसके पति आए तो पति व देवर अनिल बॉम्बे कॉलोनी स्थित उस मकान पर गए, तो मकान के अंदर तीन चार जने थे। परिवादी ने अपना मकान खाली करने को कहा, तो आरोपियों ने धमकी देते हुए मकान पर कब्जा करने की बात कही। उन्हें जानकारी मिली कि जसवंत सिंधी, नंदकिशोर गोदारा निवासी सुजानगढ़, शंकर गुर्जर व चार पांच अन्य जनों ने उसके मकान पर कब्जा कर लिया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और थानाधिकारी कश्यप सिंह ने जांच शुरू कर दी है।