श्रीडूंगरगढ़ ONE 13 फरवरी 2026। मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी ने शुक्रवार को क्षेत्र की तीन पीएचसी अस्पतालों का निरीक्षण किया और लखासर पीएचसी पर कार्मिकों को जमकर लताड़ लगाई।
डॉ सोनी ने लखासर के उपस्वास्थ्य केंद्र के बदतर हालातों पर गहरी नाराजगी जताते हुए साफ सफाई को लेकर जिम्मेदार अधिकारी को सख्त निर्देश दिए। यहां स्टाफ को प्रसव कक्ष में, ड्रेसिंग कक्ष, वार्ड सहित पानी की टंकी तक में पड़ी गंदगी के लिए खूब लताड़ लगाई। डॉ सोनी ने स्टाफ को अपनी यूनिफार्म में आने व अस्पताल में ड्यूटी दायित्व बोध के साथ करने के लिए पाबंद किया। डॉ सोनी ने जिम्मेदार अधिकारी को सख्त और स्पष्ट संदेश देते हुए व्यवस्थाएं दुरस्त करने की बात कही। इस दौरान अस्पताल में नजर आई घोर लापरवाही पर उन्होंने कार्मिकों से अपने परिजनों का प्रसव अस्पताल के प्रसव कक्ष में करवाने की बात कही। डॉ सोनी ने गांव बेनीसर और हेमासर में भी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। बेनीसर की पीएचसी में डॉ सोनी ने कार्मिकों को संस्थागत प्रसव करवाने के निर्देश दिए। वहीं तीनों ही अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के लिए माकुल तैयारी करने, हेचरी की मरम्मत करवाकर सुचारू रखने, साफ सफाई पर ध्यान देने, मेडिकल बायो वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण करवाने, सभी कार्मिकों को अपनी यूनिफॉर्म में आने व अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए है।