10वीं- 12वीं में 80% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी सम्मानित, भामाशाह का किया अभिनंदन
डूंगरगढ़ one 27 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ग्राम बिग्गा में गणतंत्र दिवस राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में ग्राम पंचायत प्रशासक जसवीर सारण एवं प्रधानाचार्य ओमप्रकाश पूनिया ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रशासक जसवीर सारण रहे। विशिष्ट अतिथियों में लक्ष्मीनारायण सेवग, जीडी तावणिया एवं सुरेन्द्र सारण शामिल हुए। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं परेड प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच संचालन व्याख्याता लिछमणदास स्वामी ने किया।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
नेहरू युवा मंडल की ओर से कक्षा 10वीं व 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्राथमिक विद्यालय में भी हुआ आयोजन
इसी क्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, रेलवे स्टेशन बिग्गा में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित हुआ। यहाँ ध्वजारोहण ग्राम प्रशासक जसवीर सारण, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश पूनिया एवं जसनाथ आश्रम के महंत प्रेमनाथ परमहंस ने किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
भामाशाह द्वारा मुख्य द्वार का लोकार्पण
इस अवसर पर भामाशाह किशनाराम दानोदिया (सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी) एवं वार्डपंच द्वारा अपनी धर्मपत्नी स्व. तीजा देवी की पुण्य स्मृति में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नव-निर्मित मुख्य द्वार का लोकार्पण किया गया। फीता काटकर लोकार्पण ग्राम प्रशासक, पीईओ एवं महंत प्रेमनाथ परमहंस ने किया।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में पीईओ बिग्गा एवं ग्राम प्रशासक द्वारा भामाशाह किशनाराम दानोदिया का साफा, शॉल व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक मुनेश कुमार मीणा, रामदयाल पटवारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य जगदीश प्रसाद मेघवाल, कृषि पर्यवेक्षक राजूराम मेघवाल, बसपा उत्तर प्रदेश कॉर्डिनेटर चम्पालाल तुनगारिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका विनोद कुमारी, बजरंगलाल प्रजापत एवं जगदीश प्रसाद दानोदिया ने किया। संस्था प्रधान ओमप्रकाश शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।