श्रीडूंगरगढ़ ONE 29 जनवरी 2026। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सोनियासर मिठिया में बाबा रामदेव मंदिर में लगने वाले मेले में भारी अव्यवस्थाएं हुई। मेले में आस पास गांवों से ही नहीं दूर दूर से दर्शनार्थी बाबा के दर्शन करने व अपनी मन्नतें मांगने पहुंचते है। बुधवार को यहां भारी भीड़ उमड़ी प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भारी अव्वस्थाओं का सामना जातरूओं को करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन को इस विशाल मेला आयोजन में पुलिस जाप्ता तैनात करने सहित अन्य व्यवस्थाओं की देखरेख भी करनी चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि हर साल यहां भीड़ बढ़ती जा रही है और लगातार प्रतिवर्ष अप्रिय घटनाएं होने की सूचना देते हुए प्रशासन से पुलिस जाप्ता तैनात करने की मांग करते है। मेले में जेब कतरना व चैन स्नेचिंग की कई घटनाएं भी हुई। संकरा मार्ग और मार्ग पर वाहन खड़े होने पर भारी भीड़ के दौरान लोग वाहनों के ऊपर से गुजरते नजर आए। सरपंच नंदकिशोर बिहानी ने बताया कि मेले में पंचायत ने व्यवस्था के लिए दो लोगों को छोड़ा था, परंतु गाड़ियों के कारण जाम लग गया। जाम खुलवा का पास ही खेत से गाड़ियों को निकाला गया। प्रतिवर्ष मेले में भीड़ बढ़ रही है और व्यवस्था सुधार के लिए गांव में चर्चा चल रही है, शीघ्र ही सकारात्मक सुधार के प्रयास किए जाएंगे।
बाडेला में बाबा के मंदिर में श्रद्धालु ने गुपचुप चढ़ाई टाइलें।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। माघ दशमी को बाबा रामदेव के भक्तों की श्रद्धा परवान पर थी। गांव बाडेला के बाबा रामदेव मंदिर में एक श्रद्धालु मंदिर की स्थिति देखकर तुरंत मंदिर परिसर में टाइल्स लगवाने के लिए 35 पेटी टाइलें भेज दी। मंदिर के आगे एक टैक्सी रूकी और पुजारी के नाम मंदिर में टाइलें लगवाने के लिए वहां टाइलें उतार कर चला गया। पुजारी अर्जुनदास कामड़ ने अज्ञात दानदाता का आभार जताया। वहीं मौके पर ही पेमाराम प्रजापत ने टाइलें लगवाने के लिए सीमेंट के कट्टे रखवाए। बता देवें मंदिर में बुधवार को खासी भीड़ रही।