डूंगरगढ़ one 14 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। आज ही के दिन 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए देश के 44 वीर जवानों की पुण्यतिथि पर श्री बिग्गाजी शिक्षण संस्थान, सातलेरा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
सभा में विद्यार्थियों ने आतंकी हमले को आतंकियों की कायरता बताते हुए कहा कि ऐसे कृत्य मानवता के विरुद्ध हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् के जयकारे लगाए तथा आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए।
संस्थान के निदेशक सहीराम जाखड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आतंकवाद की न कोई जाति होती है और न ही कोई धर्म। उन्होंने युवाओं से देशसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
शिक्षक चुन्नीलाल जाखड़ ने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है।
शिक्षिका ज्योति राठौड़ ने कहा कि आतंकवाद आज वैश्विक समस्या बन चुका है और इससे निपटने के लिए सभी देशों को एकजुट होकर आतंक को पनाह देने वाले देशों व संगठनों का बहिष्कार करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में शहीद जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।