श्रीडूंगरगढ़ ONE 27 जनवरी 2026। बाबा के भक्त बाबा की अखंड ज्योत लेकर रामदेवरा से श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे तो पूरा शहर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। गोपाल गौशाला के पास स्थित रामदेव मंदिर में बाबा की चांदी की समाधि प्रतिमा की स्थापना महोत्सव का उल्लास श्रद्धालुओं में उमड़ आया। मंगलवार को दोपहर 2.15 बजे अखंड ज्योत बिग्गा बास गणेश मंदिर पहुंची यहां से कलश यात्रा ज्योत के साथ रवाना हुई। रथ पर बाबा की मूर्ति के साथ विभिन्न देवी देवताओं की झांकी रामदेव मंदिर से रवाना होकर गणेश मंदिर पहुंची। यहां से भव्य शोभायात्रा गाजे बाजे, डीजे, कच्छी घोड़ी नृत्य कलाकार, झांकियों सहित मुख्य मार्गो से गुजरते हुए मंदिर प्रांगण पहुंच कर संपन्न हुई। मंगल कलश लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा में शामिल हुई। रथ पर समाधि प्रतिमा का नगर भ्रमण अखंड ज्योत के साथ संपन्न हुआ। नाचते गाते बाबा के भक्त शोभायात्रा में शामिल हुए। आयोजन समिति के सुरेश तापड़िया ने बताया कि आज रात 8.15 बजे रात्रि जागरण प्रारंभ होगा। जिसमें ब्यावर के प्रसिद्ध भजन गायक भागचंद सोलीवाल, हीरालाल सिखवाल व भूमिका पांडिया द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। कल माघ दशमी की सुबह 10.15 बजे विधि विधान से मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होगी। उसके बाद महाप्रसाद का आयोजन होगा। क्षेत्र के सभी संघ व बड़ी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में उत्साह के साथ भागीदारी निभा रहें है।