डूंगरगढ़ one 5 जनवरी, 2025 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई सोमवार को भी जारी रही। भारत निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी बीकानेर के निर्देशानुसार नोटिस फेज के अंतर्गत जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, वे निर्धारित सुनवाई स्थलों पर दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो रहे हैं।
उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि एसआईआर के परिगणना चरण के दौरान जिन निर्वाचकों का विगत विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की निर्वाचक नामावली से स्वयं अथवा माता-पिता/दादा-दादी से मैपिंग नहीं हो पाई है, उन्हें अपना नाम अंतिम निर्वाचक नामावली में बनाए रखने के लिए आयु अनुसार निर्धारित मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके लिए संबंधित निर्वाचकों को निर्धारित तिथि पर उपखंड अधिकारी कार्यालय अथवा तहसील कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ में उपस्थित होना आवश्यक है।
नायब तहसीलदार (निर्वाचन) रमेश सिंह चौहान ने बताया कि कड़ाके की ठंड के बावजूद मतदाता उत्साहपूर्वक भागवार निर्धारित सुनवाई स्थलों पर पहुंच रहे हैं और अपने दस्तावेज जमा करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान मतदाताओं को नोटिस की प्रति के साथ निर्धारित सभी दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।