WhatsApp Menu
राजस्थान स्थापना दिवस पर संगोष्ठी 29 मार्च को  |  पढ़े एक साथ दो खास खबरें  |  आज शाम निकलेगी भव्य और दर्शनीय सवारी यात्रा, आप भी करें दर्शन  |  हाईटेक होगी छात्रों की सुरक्षा: इको भारत के स्मार्ट कैंपस अभियान की कमान ललिता शर्मा को  |  श्रीडूंगरगढ़ में ईद-उल-फितर: बड़ी ईदगाह में 8:30 बजे अदा हुई नमाज, गले मिलकर दी मुबारकबाद, देखें फ़ोटो  | 

धूमधाम से मनाए बालदिवस, उत्साहित माहौल में बच्चों ने दी प्रस्तुतियां

श्रीडूंगरगढ़, बाल दिवस के अवसर पर, क्षेत्र के विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

श्रीडूंगरगढ़ में पिछले आठ वर्षों से आरबीएसई और सीबीएसई के कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग क्लासेज संचालित कर रहे “सृजन” संस्थान में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। संस्थान की डायरेक्टर वैशाली मदान ने बताया कि बच्चों के लिए खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ उन्होंने अपनी पसंद के व्यंजनों का आनंद लिया। इसके साथ ही, विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। संगीत, नृत्य, ऑर्केस्ट्रा और मिमिक्री जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया।

वैशाली मदान ने बताया कि सृजन क्लासेज में शिक्षा के साथ-साथ बाहरी ज्ञान का महत्व भी समझाया जाता है। संस्थान में बच्चों को वातावरण के साथ समायोजित होने की समझ बढ़ाने के प्रयास किए जाते हैं। शैक्षणिक भ्रमण और स्पोर्ट्स वीक जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाता है।

संस्थान के फाउंडर मोहित भोजक ने बताया कि सृजन क्लासेज में प्रत्येक बच्चे के बेहतरीन प्रदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। पूर्णतया इंग्लिश मीडियम में संचालित इस संस्थान में, आरबीएसई और सीबीएसई के बच्चों को कक्षा के अनुसार बैचों में विभाजित करके प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा शिक्षा प्रदान की जा रही है।

कालूबास स्थित श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को बाल दिवस के अवसर पर क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। स्कूल के संचालक कांतिप्रकाश थेपड़ा ने बताया कि विद्यार्थियों को देशनोक स्थित करणी माता मंदिर के दर्शन कराए गए। उन्हें मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई, साथ ही यह भी बताया गया कि यह मंदिर “चूहों वाले मंदिर” के नाम से विश्व प्रसिद्ध है। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों को पूनरासर के हनुमानजी मंदिर, अंजनी माता मंदिर, तेजा गार्डन और लखासर भैरव मंदिर का भी भ्रमण कराया गया। इस दौरान स्कूल के शिक्षकों ने बच्चों की सुरक्षा और देखरेख में सक्रिय भूमिका निभाई।

उदरासर के वैद्य मघाराम राउमावि में बाल दिवस को अनूठे ढंग से मनाया गया। बच्चों को कर्तव्य और दायित्व का बोध कराने तथा उन्हें स्कूल संचालन का व्यवहारिक ज्ञान देने के लिए, उन्हें एक दिन के लिए स्कूल का दायित्व सौंपा गया। प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार ने कक्षा 7 की छात्रा पूनम पूनियां को प्रिंसिपल और ऋषभ को वाइस प्रिंसिपल बनाया। सभी बच्चों ने मिलजुल कर दैनिक दिनचर्या का पालन किया।

बाल सभा की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार ने पंडित नेहरू के जीवन के बारे में विस्तार से बताया। मुकेश कुमार ने नेहरू जी के जीवन से जुड़े कई प्रसंगों का उल्लेख किया। व्याख्याता सुषमा सैन ने बाल दिवस को बच्चों को समर्पित एक राष्ट्रीय त्योहार बताया। उन्होंने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और कर्तव्यों के बारे में भी बताया। इसके साथ ही, उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए।

लिखमादेसर के राउमावि में प्रार्थना सभा के दौरान बाल दिवस का आयोजन किया गया। सभा में संत सोमनाथ जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। हिन्दी प्राध्यापक और विद्यालय उत्सव प्रभारी भगवती ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सामूहिक बाल गीत और कविताएँ प्रस्तुत कीं। अध्यापक छोटेलाल ने “जब तक जिन्दा है धरती पर चाचा नाम तुम्हारा” कविता प्रस्तुत की। वरिष्ठ अध्यापक रामरतन ने नेहरू जी का जीवन परिचय देते हुए कृषि, विज्ञान और पंचवर्षीय योजनाओं के क्षेत्र में उनके योगदान की जानकारी दी। वरिष्ठ अध्यापक जीवणराम ने नेहरू जी की गुटनिरपेक्ष नीति के बारे में बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य लक्ष्मीकांत वर्मा ने बाल सभा के आयोजन से बच्चों के रचनात्मक विकास और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन होने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कार्यक्रम में शामिल सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में देवाराम ज्याणी, मांगीलाल तिवारी, ओमप्रकाश कलवानियां सहित सभी शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए। सभी बच्चों को टॉफी वितरित कर बाल दिवस की बधाई दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़