श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE 7 मार्च 2026। शुक्रवार देर रात करीब 11.30 बजे नेशनल हाइवे पर हुए एक हादसे में मारुति ईको कार सामने से आ रहे ट्रक-ट्रेलर से जा टकराई ओर भिडंत इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाइवे पर हेमासर-बेनीसर के पास इस हादसे में श्रीडूंगरगढ़ की और से ट्रेलर बीकानेर की ओर जा रहा था। सामने से ओवरटेक करते हुए एक ईको गाड़ी ट्रेलर की ओर आ गई। ट्रेलर चालक ने बचाने का प्रयास किया व ट्रेलर को सड़क से नीचे उतार लिया पर टक्कर को बचा नही पाया। इस प्रयास में ट्रेलर खेत की सिंव तोड़ 11 हजार केवी के बिजली पोल में जा टकराया व पोल व लाइन भी टूट गई। यह तो गनीमत रही के लाइन बंध थी व कोई बड़ा हादसा नही हुआ। हादसे के बाद आपातकालीन सेवा 112 के चालक पवन शर्मा, ड्यूटी ऑफिसर हेडकांस्टेबल महेश कुमार भी मौके पर पहुंचे एंव ईको में सवार एक जने को गम्भीर घायल अवस्था में अब्दुल कलाम सोसायटी की एम्बुलेंस द्वारा श्रीडूंगरगढ़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां से बीकानेर रेफर कर दिया। घायल की देर रात तक पहचान नही हो पाई थी। वहीं टोल कंपनी की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया व यातायात सुचारु करवाया।