श्रीडूंगरगढ़, 7 अक्टूबर 2025। तोलियासर मंडल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का विजयादशमी उत्सव मंगलवार को गांव तोलियासर में बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया, जो बीकानेर के प्रसिद्ध भैरव धाम में पहली बार आयोजित किया गया।
तोलियासर, जैतासर, ठुकरियासर, कीतासर भाटियान और कीतासर बीदावतान गांवों से आए स्वयंसेवकों ने इस पथ संचलन में भाग लिया। स्वयंसेवकों ने संघ की गणवेश में कदम से कदम मिलाकर गांव के मुख्य मार्गों पर मार्च किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। संघ घोष की मधुर ध्वनि ने हर किसी को अपनी ओर आकर्षित किया।
यह संचलन विजयादशमी उत्सव और शस्त्र पूजन के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जोधपुर प्रांत के सह संपर्क प्रमुख बाबूलाल बिलकोनिया ने मुख्य बौद्धिककर्ता के रूप में स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने संघ की शताब्दी वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डाला और संघ की स्थापना के उद्देश्य, वर्तमान में इसके विस्तार, पंच प्रण और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को इंदपालसर, धर्मास मंडल और श्रीडूंगरगढ़ नगर की प्रताप बस्ती में भी पथ संचलन का आयोजन किया जाएगा।