अंचल में ज़मीन की बढ़ती कीमतों ने रिश्तों में दरार डाल दी है। पारिवारिक ज़मीन के बंटवारे को लेकर विवाद अब आम बात हो गई है, और कई मामले थाने-कचहरी तक पहुंच रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सेरूणा थाना क्षेत्र के गांव सांवतसर से सामने आया है।
यहां गुड्डी देवी, उम्र 50 वर्ष, पत्नी रामकुमार विश्नोई, ने अपने पति के भाई ओमप्रकाश बिश्नोई के पुत्र सुभाष और कालूराम बिश्नोई की पत्नी लिछमा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
गुड्डी देवी ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि 6 मई 2025 की सुबह जब वह अपने खेत की ढाणी से घर लौटीं, तो सुभाष ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप है कि सुभाष ने उन्हें धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया और घर के गेट के आगे ईंटों का ढेर लगाकर रास्ता बंद कर दिया। गुड्डी देवी के अनुसार, आरोपी लिछमा भी वहां आई और उसने पावड़ा लेकर उनके घर का मुख्य गेट बंद कर दिया।
गुड्डी देवी ने बताया कि अगले दिन, 7 मई 2025 की सुबह, जब वह अपनी बेटी के साथ ढाणी से वापस घर आई, तो आरोपियों ने उन्हें धमकियां दीं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल आवड़दान को सौंपी है। यह मामला ज़मीन की बढ़ती कीमतों के कारण परिवारों में पनप रहे तनाव और मनमुटाव का एक और उदाहरण है, जो रिश्तों की नींव को हिला रहा है। देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस पारिवारिक विवाद का क्या समाधान निकलता है।