डूंगरगढ़ one 11 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। विधायक ताराचंद सारस्वत गुरुवार को पूरे दिन अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में रहे। उन्होंने कई गांवों में चल रहे विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता व समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
विधायक सबसे पहले कुचोर आथुनी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। सड़क निर्माण, पेयजल सप्लाई, बिजली लाइन दुरुस्ती और चिकित्सा सुविधाओं जैसी परियोजनाओं की ग्राउंड रिपोर्ट लेने के बाद सारस्वत ने कहा कि “विकास कार्यों पर निगरानी और जनता के बीच रहना ही मेरी प्राथमिकता है।”
इसके बाद उन्होंने कुचोर अगुनी, मेउसर सहित आसपास के कई गांवों का दौरा किया। हर गांव में ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याएं रखीं। विधायक ने मौके पर ही कई मामलों का समाधान करवाया और बाकी के लिए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि विधायक के लगातार जनसंपर्क से उन्हें भरोसा मिल रहा है कि क्षेत्र के विकास कार्य तेजी से पूरे होंगे।
दौरा पूरा करने के बाद सारस्वत विधायक सेवा केंद्र, श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे और जनसुनवाई की। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि “जनता की हर समस्या मेरा अपना दायित्व है। मैं हमेशा क्षेत्रवासियों के बीच रहकर ही समाधान सुनिश्चित करूंगा।”