WhatsApp Menu
सरेआम सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने एक युवक को किया शांतिभंग में गिरफ्तार  |  पैदल चल रहें राहगीर को बाइक सवार ने मारी टक्कर, किया रेफर  |  23 मार्च 2026 का पंचांग, साथ जाने और भी कई खास बातें आचार्य श्रीडूंगरगढ़ ONE के साथ।  |  सोलर प्लांट के लिए फिर चली आरी, दो रातों में काट डाले 100 खेजड़ी के पेड़, ग्रामीणों में रोष।  |  एक ही रात में खेत से पट्टी गेट हुए चोरी, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज।  | 

गौशालाओं में हुए गोपाष्टमी के भव्य आयोजन, सैंकड़ो श्रद्धालु हुए शामिल, लिया गौसेवा का संकल्प।

आड़सर बास स्थित श्रीगोपाल गौशाला में गोपाष्टमी पर्व का परंपरागत मेला और भव्य सांस्कृतिक आयोजन हुआ, जिसमें सैंकड़ों गौभक्तों ने हिस्सा लिया। गौशाला परिसर के सामने मैदान में झूले और विभिन्न दुकानें सजी रहीं, जहाँ बच्चों और परिवारों ने खूब आनंद लिया। गौशाला प्रांगण में सुबह श्रीकृष्ण पूजन और गौपूजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

दोपहर को आयोजित समारोह में समिति के अध्यक्ष जसराज मालू, उपाध्यक्ष चंपालाल झंवर, मंत्री जगदीश स्वामी, संयुक्त मंत्री कमल किशोर सोमाणी, कोषाध्यक्ष कुंभाराम घिंटाला, आजीवन सरंक्षक लक्ष्मीनारायण सोमाणी, राधाकृष्ण बिहाणी, कन्हैयालाल बाहेती, सोहनलाल बिहाणी और पत्रकार विशाल स्वामी, ताराचंद इंदौरिया, सुमेरमल डागा, शशिकांत मूंधड़ा जैसे गणमान्य लोग शामिल हुए। गौशाला के कर्मचारी सत्यनारायण सिखवाल को उनकी उत्कृष्ट गौसेवा के लिए “गोपालक सम्मान” से नवाजा गया। उन्हें एक लाख रुपये का चेक और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने मातृशक्ति से गौसेवा में आगे आने का आह्वान किया और सभी को गौसेवा का प्रण लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर, मूलचंद राधाकृष्ण बिहाणी परिवार द्वारा निर्मित 60*100 के नवनिर्मित चारा गोदाम का लोकार्पण बिहाणी परिवार ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में ज्ञानदीप स्कूल, सुभाष मिडिल स्कूल, गीतादेवी पब्लिक स्कूल, सनफ्लोवर स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल, सनसाईन स्कूल और विद्यास्थली स्कूल की 7 टीमों ने भाग लिया। टीमों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसके लिए समिति ने उन्हें नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

मोमासर बास की श्रीकरणी गौशाला में भी गोपाष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह श्रीकृष्ण और गौपूजन के बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ शिक्षाविद् रूपचंद सोनी ने मंच का संचालन करते हुए गौवंश के महत्व पर प्रकाश डाला और हर घर को गौसेवा से जुड़ने का आह्वान किया। लक्ष्मी व्यास, मॉर्डन राजस्थान उमावि, मदर इंडियन सीनियर सैकेंडरी स्कूल, ज्ञानदीप स्कूल, विद्यास्थली कॉन्वेंट स्कूल की टीमों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण की सुंदर झांकियां सजाई गईं। समिति ने सभी टीमों को सम्मानित किया। इस दौरान दानदाताओं ने गौशाला में बढ़-चढ़कर सहयोग की घोषणा की और गौभक्तों ने गौसेवा का संकल्प लिया।

गांव तोलियासर की भैरव नंदी गोपाल गौशाला संस्थान में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। ग्रामीणों ने गायत्री मंत्रों की आहुतियां देकर हवन पूजन संपन्न किया और गांव में खुशहाली की प्रार्थना की। गौशाला प्रांगण में गौमाता का पूजन किया गया। कमला देवी और श्याम सुंदर ने गौवंश को सवामणी का भोग लगाया। गांव के ओमसिंह, चुन्नीलाल, जीतु कुमार, राजाराम राजपुरोहित सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण और मातृशक्ति पूजन में शामिल हुई। सभी ने गौसेवा का संकल्प लिया।

गांव मिंगसरिया की राधा कृष्ण गौशाला में गोपाष्टमी के अवसर पर ग्रामीणों ने कामधेनु पूजा का आयोजन कर गांव में सुख समृद्धि की कामना की। गौशाला समिति के अध्यक्ष नेमाराम प्रजापत ने बताया कि पुजारी तिलोकदास महाराज ने विधि विधान से कामधेनु पूजन संपन्न करवाया, जिसमें मंत्री विजय सिंह, उपाध्यक्ष रामलाल पूनियां, रामलाल गोदारा, संदीप सिंह मिंगसरिया, दिलीपसिंह हंसावत सहित अनेक ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने गौसेवा का संकल्प लिया।

गांव गुसाईंसर बड़ा की श्रीकृष्ण गौशाला में भी गुरुवार सुबह गौपूजन किया गया। समिति अध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने बताया कि गौशाला में अंधी गौमाता का पूजन किया गया और सभी गौवंश को गुड़ खिलाकर गोपाष्टमी मनाई गई।

गांव जैतासर (सुजानगढ़) स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में गोपाष्टमी पर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। ग्रामीणों ने एकत्र होकर गौशाला में 344 गौमाताओं का विधि विधान से पूजा अर्चना संपन्न की। बालाजी मंदिर के पंडित सत्यनारायण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन विधि संपन्न करवाई। गायों को तिलक कर गुड़ चारा खिलाकर गांव की सुख समृद्धि की कामनाएं की। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ गायों की परिक्रमा कर गौसेवा का संकल्प लिया। गौशाला अध्यक्ष धूड़ाराम प्रजापत तथा कोषाध्यक्ष गोवर्धननाथ साईं के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। पशु चिकित्सक अंकित कुमार भी पूजन में शामिल हुए। ग्रामीणों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में गौसंवर्धन और सेवा प्रकल्प के रूप में गौशाला में विशेष सेवा कार्य हो रहें है। गांव में 13 वर्ष पूर्व गौशाला स्थापना करवाने के लिए पंडित मुरारी की सेवाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया गया।

गोपाष्टमी के इस पावन अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गौभक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़