श्रीडूंगरगढ़ ONE 19 मार्च 2026। गणगौर और नववर्ष पर गुरूवार को हर्षोल्लास के साथ अनेक आयोजन संपन्न हुए। जयपुर पब्लिक स्कूल में नववर्ष पर मानव श्रृंखला बनाकर एकता का संदेश दिया गया। निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने माँ सरस्वती का पूजन किया और विद्यार्थियों को भारतीय नववर्ष के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं बिग्गाबास में भीखाराम जी मंदिर प्रांगण में महिलाओं ने नववर्ष पर सत्संग का आयोजन किया गया। भजन कीर्तन करते हुए महिलाओं ने केसरिया ध्वजा लेकर अपने घरों में पर लगाई। दीप प्रज्ज्वलित कर क्षेत्र में खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
निकाले गणगौर के बनौरे, जमकर किया घूमर।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गणगौर का 16 दिवसीय पूजन 21 मार्च को संपन्न होगा और उससे पूर्व घरों में धूमधाम से गणगौर के बनोरों के उत्सव मनाए जा रहें है। गुरूवार को बिग्गाबास में अनुराग डागा के घर गणगौर बनोरे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां कार्यक्रम में शामिल हुई और खूब गीत गाएं। सभी ने सज धज कर बनोरे में भाग लिया और मिल कर घूमर नृत्य भी किया। आड़सर बास में अशोक गुरावा के घर गणगौरे बनोरे का आयोजन संपन्न हुआ। महिलाओं व युवतियों ने गीत गाते हुए गणगौर को मिष्टान्न का भोग लगाया।
कल होगा गणगौर महोत्सव-2026, निकलेगी गणगौर की सवारी।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। शुक्रवार, 20 मार्च को कस्बे के ओसवाल पंचायत भवन में दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक गणगौर महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। श्रीओसवाल पंचायत द्वारा आयोजित इस महोत्सव में नृत्य प्रतियोगिता, वेशभूषा प्रतियोगिता, गणगौर ईसरजी सजाओ प्रतियोगिता के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं संपन्न होगी। समारोह में सभी वर्ग की महिलाओं व युवतियों के लिए प्रवेश नि:शुल्क व अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक हेमराज भादानी, सहसंयोजक लक्ष्मीपत भादानी ने बताया कि गणगौर महोत्सव को भव्य रूप से मनाया जाएगा जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां शामिल होगी। वहीं शनिवार 21 मार्च की शाम 4 बजे हनुमान क्लब से गणगौर मेला समिति द्वारा भव्य गणगौर सवारी निकाली जाएगी। समिति व्यवस्थापक राजगुरू देवीलाल उपाध्याय ने बताया कि गाजे बाजे, रथ, ऊंट, घोड़े, डीजे, 21 जोड़े गणगौर ईसरजी, सजीव झांकियां, शिव पार्वती की झांकी, और अघोरी नृत्य के साथ गणगौर की सवारी निकाली जाएगी। वहीं 22 मार्च की 9 बजे गणगौर फैरों का कार्यक्रम होगा। जिसमें सजी धजी गणगौर अपने साथ लाने वाली युवतियों में श्रेष्ठ श्रृंगारित गणगौर को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार भी दिए जाएंगे।