राज्य सरकार का बड़ा फैसला, पूरे राजस्थान में खेजड़ी की कटाई पर रोक
डूंगरगढ़ one 12 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में राज्य सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए खेजड़ी वृक्ष को सम्पूर्ण राजस्थान में संरक्षित वृक्ष घोषित कर दिया है। खेजड़ी की अवैध कटाई रोकने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही खेजड़ी संरक्षण को लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
यह निर्णय बीकानेर सहित प्रदेशभर के पर्यावरण प्रेमियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद लिया गया है। खेजड़ी संरक्षण को लेकर 11 दिनों से चल रहा महापड़ाव सरकार के इस फैसले के बाद स्थगित कर दिया गया।
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका
इस मुद्दे को सरकार तक मजबूती से रखने में मंत्री केके बिश्नोई, जसवंत सिंह, विधायक पब्बाराम और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शासन सचिव स्तर से जारी आदेश में खेजड़ी संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी सत्र में कानून लाने का आश्वासन
सरकार की ओर से यह भी दोहराया गया कि खेजड़ी संरक्षण को लेकर इसी विधानसभा सत्र में कानून लाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस वृक्ष की कटाई पर पूरी तरह रोक लग सके।
पर्यावरण समिति ने जताया आभार
पर्यावरण समिति ने सरकार के फैसले पर सहमति जताते हुए इसे प्राकृतिक विरासत की रक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया। समिति संयोजक परसराम खोखर ने सरकार, जनप्रतिनिधियों और आंदोलन से जुड़े सभी पर्यावरण प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।