श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 जुलाई 2025। कस्बे कालूबास में स्थित नैचर पार्क में शुक्रवार को ट्यूबवेल निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया। नगरपालिका चेयरमैन मानमल शर्मा, अधिशासी अधिकारी अविनाश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि भवानीप्रकाश तावनियां, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं, शहर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी, पार्षद जगदीश गुर्जर व रजत आसोपा ने विधि-विधान से पूजा अर्चना कर शुभ मुहूर्त में ट्यूबवेल निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाया। पंडित पवन उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार से पूजन संपन्न करवाया। चेयरमैन मानमल शर्मा ने बताया कि विधायक ताराचन्द सारस्वत के प्रयासों से कालूबास के नैचर पार्क में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत नगरपालिका की ओर से ट्यूबवेल का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इस नलकूप से कालूबास वासियों की पेयजल समस्या का समाधान भी हो सकेगा। अधिशासी अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि इससे पार्क में हरियालो राजस्थान के तहत रोपित पौधों को भी पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से पौधों की उचित सार-संभाल हो सकेगी। इस दौरान आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के अध्यक्ष जतन सिंह राजपुरोहित, मूलचंद इंदौरिया, पार्षद लोकेश गौड़, श्यामसुंदर पुरोहित, कन्हैयालाल गुरावा, ठेकेदार नवरंगलाल सारस्वत, महेंद्र पुरोहित भी ट्यूबवेल निर्माण पूजा अर्चना में सहभागी बने।