डूंगरगढ़ one 22 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय सदू देवी पारख कन्या महाविद्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बैनर तले कर्तव्य बोध दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम 12 जनवरी युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) से 23 जनवरी नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था।
महाविद्यालय के प्रबंधक जितेन्द्र भाटी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राजकीय डुंगर महाविद्यालय, बीकानेर के पूर्व आचार्य डॉ. शशिकांत तथा भौतिक विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. एम. डी. शर्मा ने व्याख्यान दिए। वक्ताओं ने संविधान में वर्णित मूल अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रबंधक जितेन्द्र भाटी के स्वागत भाषण से हुई। कार्यक्रम के समापन पर भूगोल विषय के सहायक आचार्य डॉ. आनन्द नारायण पुरोहित ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केवल अधिकारों की जानकारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि कर्तव्यों का पालन ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं सहित सहायक आचार्य डॉ. कमल सिंह चारण, डॉ. चित्रा, डॉ. प्रभा शेखावत एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।