WhatsApp Menu
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें आज की कुछ खास खबरें एकसाथ:-  |  श्रीडूंगरगढ़ मंडी से देखें सभी जिंसो के “आज के भाव”  |  समस्या के इंतजार में बैठे रहें अधिकारी, समाधान के लिए नहीं पहुंचे परिवादी। जनसुनवाई में आए मात्र दो प्रकरण..  |  सड़क दुर्घटना में घायल युवक ने दम तोड़ा, चचेरे भाई ने कार चालक के खिलाफ करवाया मामला दर्ज  |  फांसी का फंदा लगाकर युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त की  | 

एनएसएस शिविर के तीसरे दिन ध्यान, स्वास्थ्य जांच और नशा मुक्ति का संदेश

डूंगरगढ़ one 24 दिसंबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय, बीकानेर में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिन की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई।

ध्यान सत्र में मिला आत्मिक संतुलन
प्रथम सत्र में हार्टफुलनेस सेवा संस्थान के को-ऑर्डिनेटर ओमप्रकाश गोम्बर, वंदना, नीता शेखावत एवं दिव्या तनेजा ने स्वयंसेवकों को ध्यान अभ्यास करवाया। गोम्बर ने तेलंगाना स्थित कन्हा आश्रम एवं हार्टफुलनेस सेवा संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी। ध्यान के बाद स्वयंसेविकाएँ संजू कंस्वा, प्रतिज्ञा जीनगर और खुशी सोनी ने अपने अनुभव साझा किए।

स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
नाश्ते के पश्चात द्वितीय सत्र में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नवदीप सिंह बैंस ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य जांच शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयंसेवकों से चिकित्सकों द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों को गंभीरता से ग्रहण करने की अपील की।

नशे से दूरी ही सफलता की कुंजी
इस अवसर पर बाफना स्कूल, बीकानेर के सीईओ डॉ. परमजीत सिंह वोहरा एवं आकाशवाणी बीकानेर की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री बरखा थानवी ने स्वयंसेवकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। डॉ. वोहरा ने कहा कि जीवन में सफलता का अर्थ अपने सपनों को पूरा करना है, जबकि असफलता हार मान लेने में है। थानवी ने कहा कि नशा जीवन को अंधकार की ओर ले जाता है, नशा मुक्ति ही स्वस्थ और खुशहाल भविष्य की शुरुआत है।

विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
मारवाड़ हॉस्पिटल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. राहुल गहलोत (कैंसर), डॉ. इमरान खान (तंत्रिका एवं मानसिक रोग), डॉ. अविनाश शर्मा (त्वचा रोग), डॉ. शिवा मदान (शुगर व थायराइड) और डॉ. निशांत वर्मा (पेट एवं लिवर रोग) ने स्वयंसेवकों को विभिन्न रोगों से बचाव की जानकारी दी। ए.एस.जी. नेत्र हॉस्पिटल से आए डॉ. मोहम्मद मुंतज़िर ने नेत्र रोगों एवं उनके उपचार पर प्रकाश डाला।

नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. नवदीप सिंह बैंस एवं नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के प्रभारी डॉ. रविन्द्र कुमार शर्मा ने स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

खून-नेत्र जांच और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता
तृतीय सत्र में मारवाड़ हॉस्पिटल एवं ए.एस.जी. नेत्र हॉस्पिटल के विशेषज्ञों द्वारा स्वयंसेवकों की खून एवं नेत्र जांच की गई। चतुर्थ सत्र में आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात सामूहिक भोजन किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमारी, डॉ. हिमांशु कांडपाल सहित कर्मचारीगण नीतू परिहार, सुरेश एवं ओजस्वी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़