श्रीडूंगरगढ़ ONE 27 जनवरी 2026। सूडसर कस्बे के उपडाकघर को अन्यत्र स्थानांतरित करने से आक्रोशित टेऊ व सूडसर के ग्रामीणों ने उप डाकघर के समक्ष मुख्य बाजार सड़क मार्ग पर आज दिन भर प्रदर्शन किया। विरोध में उतरे ग्रामीणों ने प्रदर्शन को धरने में बदल दिया व इस निर्णय के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करने की रणनीति बनाई। धरना स्थल पर इस संघर्ष को चरणबद्ध तरीके से चलाने के लिए 15 सदस्यीय संघर्ष समिति का गठन किया गया। संघर्ष समिति में वकील लालूराम भादू, मैनेंजर मोहनलाल भादू, मास्टर कोडाराम भादू, मूलाराम गोदारा, सुनील दुगरिया, का. अशोक शर्मा, सीताराम खोड, जगदीश प्रसाद स्वामी, राजेन्द्र जाखड़, पूर्णमल गोदारा, ओमप्रकाश सुथार, लालूराम सारण, डीलर गोपालाराम भादू, पूर्णाराम भादू, ओमप्रकाश भादू, रामलाल भादू को संघर्ष समिति सदस्य बनाया गया। धरना स्थल पर का. मोहनलाल भादू, मूलाराम गोदारा, मुकेश पंवार समेत कई ग्रामीणों नेताओं ने क्षेत्र से एक-एक कर सुविधाओं का छीनकर जनता के साथ अन्याय करने व घोर पक्षपात करने के आरोप लगाए। नेताओं ने संगठित होकर संघर्ष करने का मार्ग चुनने की बात कही। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर गांव के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार व नीतियों का मुंह तोड़ जबाव देने का आम ग्रामीणों से आह्वान किया।
इस दौरान टेऊ प्रशासक सुनील दुगरिया के नेतृत्व में अशोक शर्मा, कोडाराम भादू, मूलाराम गोदारा, मोहन भादू, जगदीश स्वामी, ओमप्रकाश भादू, गोविन्द भादू समेत आठ सदस्यों का एक प्रतिनिधि मंडल डाक विभाग के सहायक अधीक्षक डाकघर बीकानेर से मिला और सूडसर उप डाकघर को यथावत रखने का ज्ञापन दिया। इसके साथ ही प्रतिनिधि मंडल ने एडीएम (शहर) व पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया तथा जोधपुर डाक सेवाएं निदेशक एवं पोस्ट मास्टर जनरल को डाक द्वारा ज्ञापन भेजा गया। इससे पूर्व सोमवार शाम को सार्वजनिक पुस्तकालय एवं वाचनालय सूडसर के सभाकक्ष में उपडाकघर को अन्यत्र स्थानांतरित करने के मुद्दे को लेकर आम बैठक हुई और इसमें संघर्ष की रणनीति पर चर्चा की गई।