श्रीडूंगरगढ़ ONE 13 जुलाई 2025। आधे उपखंड क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव व करीब 7000 से अधिक कृषि कुओं पर गत 30 घंटो से हजारों ग्रामीण बिना बिजली के बैठे है। रात भर ये गांव अंधेरे में डूबे रहें। ग्रामीण एक दूसरे को तथा विभागीय कार्मिकों को फोन कर बिजली कब आएगी की बात पूछते रहें। विदित रहें रविवार सुबह करीब 5 बजे रिड़ी मुख्य मार्ग पर 132केवी का बड़ी लाइन का तार टूट गया, जिससे रिड़ी, बाना, ऊपनी से आगे के गांवो में आपूर्ति ठप्प है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 26 गांवो के घरेलू व कृषि कनेक्शन बंद पड़े है। ग्रामीण मोबाइल चार्ज नहीं होने, पानी व आटे की चक्कियां नहीं चलने से परेशान हो रहें है। ध्यान रहें इस तार के टूटने से 132 केवी जीएसएस रिड़ी व 132 केवी जीएसएस ऊपनी से होने वाली विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है। 132 केवी जीएसएस रिड़ी से जुड़े 33 केवी फीडर रिड़ी, सराना जोहड़, हथाना, धर्मास, बाना फर्स्ट, बाना सैंकेड, कल्यासणसर नया, बाडेला, इंदपालसर फीडर तथा 132 केवी ऊपनी से जुडे 33 केवी ऊपनी फर्स्ट, ऊपनी सैंकेड, राजेडू फर्स्ट, राजेडू सैंकेड, रामदेवरा, कल्याणसर, बापेऊ व दुसारणा फीडर बंद है।
50 कार्मिकों संसाधनों के साथ जुटे कार्य में, शाम तक ठीक करने की उम्मीद।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। बिजली विभाग के कार्मिकों ने बताया कि युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है और शीघ्र की बिजली सुचारू करने के पूरे प्रयास हो रहे है। मौके पर विभागीय अधिकारी तैनात है और उनके निर्देशन में कार्य किया जा रहा है। प्रसारण व वितरण विभाग के मौके पर मौजूद एईएन हरिराम बाना सिद्ध ने बताया कि 50 कार्मिकों की टीम 15 मशीनों से ट्रेक्टर व जनरेटर के साथ लाइन दूरस्त करने में जुटी है। सिद्ध ने बताया कि रविवार शाम तक बिजली सुचारू कर दी जाएगी।