1- हुई नई घोषणा, पूर्व घोषित सहयोग मिला, अधिकतम सदस्य बनाने का लिया लक्ष्य।
श्रीडूंगरगढ़ ONE 7 दिसम्बर 2025। महर्षि दयानदं सरस्वती छात्रावास विकास समिति के बैनर तले किसान परिवारों के बेटों एवं बेटियों के लिए संचालित छात्रावासों के संचालन में अपनी भागीदारी निभाने क्षेत्रवासी उत्साह से आगे आ रहे है। रविवार को विकास समिति की बैठक छात्रावास परिसर में आयोजित की गई। जिसमें अभी तक समिति के माध्यम से दानदाताओं के सहयोग से 3.43 करोड़ के विकास कार्यों का अनुमोदन किया गया। बैठक में पूर्व में घोषित सहयोगियों ने अपनी सहयोग राशि भी समिति को प्रदान की। सोमवार को पूर्व घोषित सहयोग देने वालों में गांव बींझासर के दुलाराम कडवासरा की स्मृति में उनके पुत्र मांगीलाल, मनोहरलाल, तुलसीराम, देवीलाल व बलजीत ने एक लाख एक हजार रुपए, गांव आडसर के मोडाराम तर्ड ने 1 लाख, गांव लिखमादेसर के देवाराम भगवानाराम ज्याणी ने 2.81, बिग्गा के भागूराम जाखड़ ने 55 हजार, लिखमीसर के पन्नालाल डेलू ने 11 हजार समिति को प्रदान किए। इस दौरान गांव बिग्गा के भागुराम जाखड़ ने एक बालिका गोद लेने, ओमप्रकाश बाना ने सहयोग देने एवं समिति अध्यक्ष श्यामसुंदर आर्य ने 1 लाख 1 हजार रुपए देने की घोषणा की। बैठक में दोनो छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
2- तहसील के सामने हुई कार-टैक्सी की टक्कर, एक गंभीर।
श्रीडूंगरगढ़ ONE 7 दिसम्बर 2025। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में तहसील कार्यालय के सामने बने हाईवे के कट एवं सर्विस रोड़ पर स्थाई कब्जों के कारण आए दिन हादसें होते है एवं रविवार को भी एक हादसे में एक जना गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील के सामने हाईवे पर एक कार एवं टैक्सी की टक्कर हो गई। जिसमें टैक्सी चालक प्रताप बस्ती निवासी मुंशी काजी को गंभीर चोटें आई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एपीजे अब्दुल कलाम सोसायटी के सेवादारों ने उसे चिकित्सालय पहुंचाया। जहां से उसे बीकानेर रैफर कर दिया गया। विदित रहे कि इस जगह पर पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी है लेकिन प्रशासन द्वारा यहां कोई स्थाई उपाय नहीं किए जा रहे है।
3- डॉ राकेश- डॉ शिवानी के दहेज मुक्त विवाह की सराहाना।
श्रीडूंगरगढ़ ONE 7 दिसम्बर 2025। इन दिनों देखने में आ रहा है कि जितने सक्षम लोगों का विवाह समारोह होता तो दिखावा उतना ही ज्यादा होता है। लेकिन गांव नक्कोदेसर मूल के श्रीडूंगरगढ़ के बिग्गाबास निवासी डॉ राकेश का बीकानेर निवासी डॉ शिवानी से हुआ विवाह सराहा जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनो चिकित्सक पेशे में है एवं दोनो ने सहमति से दहेजमुक्त विवाह रख कर समाज में उदाहरण प्रस्तुत करने का निर्णय लिया। डॉ राकेश के पिता ओमाराम रोलण भी राजकीय विद्यालय में प्रधानाचार्य है, क्षेत्रवासी इस विवाह को सराह रहे है।