श्रीडूंगरगढ़ ONE 15 फरवरी 2026। अखिल भारतीय किसान सभा का 22वां बीकानेर जिला सम्मेलन शनिवार को संपन्न हुआ। सम्मेलन में बिजली विधेयक व बीज विधेयक 2025 को रद्द करने, सिंचाई पानी रेगुलेशन सुचारू करने, टोल प्लाजा के 25 किलोमीटर दायरे में आने वाले वाहनों को टोल मुक्त करने, सोलर कंपनियों के खिलाफ, श्रीडूंगरगढ़ ट्रोमा सेन्टर निर्माण कार्य शुरू करने, जिले भर में नशे और अपराध की घटनाओं पर रोक लगाने, दूध, ग्वार और मोठ का समर्थन मूल्य घोषित करने, सहित 18 जिला स्तरीय प्रस्ताव पारित किए गए।
सम्मेलन में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व विधायक पेमाराम मेघवाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। सबसे पहले प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने झण्डा रोहण कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया। सभी सदस्यों ने शहीद वेदी पर श्रद्धाजंलि अर्पित की। प्रदेशाध्यक्ष पेमाराम मेघवाल ने केंद्र व राज्य सरकारों को किसान विरोधी बताते हुए अमरीका के साथ कृषि क्षेत्र में की गई ट्रेड डील को किसानों के लिए घोर विरोधी बताया। उन्होंने बीकानेर जिले के किसान आंदोलनों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलन बताया। सम्मेलन को खेत-मजदूर यूनियन के शीशपाल नायक, डीवाईएफआई के जिला अध्यक्ष सत्यपाल प्रजापत, सीटू से मोहरसिंह टाकरिया, महिला समिति से निर्मला विश्नोई, एसएफआई के गौरव टाडा, एडवोकेट सुन्दरलाल बेनीवाल ने संबोधित किया। निर्वतमान जिला महासचिव जेठाराम लाखुसर ने गत तीन वर्षों के संघर्षों की लिखित रिपोर्ट सम्मेलन के समक्ष प्रस्तुत की।
जिला कार्यकारिणी का किया गठन।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। सम्मेलन में संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। जिसमें जिलाध्यक्ष पद पर लालचंद भादू लूणकरणसर व जिला महासचिव पद पर अशोक शर्मा सूडसर को सर्वसम्मति से चुना गया। वहीं जिला उपाध्यक्ष पद पर रामप्रताप पटीर लूणकरणसर, कोषाध्यक्ष पद पर जेठाराम लाखुसर को दायित्व दिया गया। इसी के साथ कार्यकारिणी में जिला कमेटी में 61 सदस्य का चुनाव किया गया। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष लालचंद भादू ने सभी प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए सम्मेलन संपन्न की घोषणा की।