श्रीडूंगरगढ़, 24 अगस्त 2025। मेंहदीपुर बालाजी के पीठाधीश्वर महंत 108 डॉ. नरेश पुरी महाराज के सान्निध्य में 29 जुलाई से 23 अगस्त तक पार्थीवेश्वर चिंतामणि महाप्रयोग का आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा।
इस महाप्रयोग के अंतर्गत 21 अगस्त को पीठाधीश्वर डॉ. नरेश पुरी महाराज का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजस्थान दशनाम गोस्वामी सभा समिति के युवा प्रदेशाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई श्रीडूंगरगढ़ ने महंत का अभिनंदन किया। उन्होंने अभिनंदन पत्र एवं चांदी की गदा भेंट कर महंत नरेश पुरी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेवजी महाराज और पोकरण विधायक संत प्रतापपुरी महाराज सहित देश भर से आए साधु-संतों का सानिध्य रहा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
ज्ञात हो कि डॉ. नरेश पुरी के सिद्ध पीठ धाम घाटा, मेंहदीपुर बालाजी पीठ के पीठाधीश्वर पद पर पट्टाभिषेक होने के वार्षिक समारोह के रूप में यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इस वर्ष हरिद्वार के शिव की पौड़ी में गंगा किनारे यह चौथा पार्थीवेश्वर चिंतामणि महाप्रयोग संपन्न हुआ।
29 जुलाई से 23 अगस्त तक चले इस महाप्रयोग में प्रतिदिन सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न अनुष्ठान किए गए, जिनमें 108 रुद्राभिषेक, 108 रामचरित मानस पाठ, 108 भागवत महापुराण पाठ, 11 लाख महामृत्युंजय मंत्र जाप, और 11 लाख 11 सौ विष्णु सहस्त्रनाम पाठ शामिल थे।
विश्व शांति के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम आध्यात्मिक ऊर्जा का समागम केंद्र बना रहा, जहाँ श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा के साथ भाग लिया। सूत्रों के अनुसार, इस आयोजन ने क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।