श्रीडूंगरगढ़ ONE 9 जनवरी 2026। नए साल के पहले सप्ताह में पर्यावरण व जीवप्रेमी संस्था आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति द्वारा कालू रोड स्थित डंपिंग यार्ड की बदहाली पर आवाज बुलंद की गई। समिति सदस्यों के पूरजोर प्रयासों से विधायक व प्रशासन भी सक्रिय हुआ। क्षेत्र में आमजन में मुद्दा चर्चाओं में है, विभिन्न सोशल मीडिया हैंडलर और व्हाट्सएप स्टेटस में भी यही मुद्दा छाया है।
सेवा समिति के सेवादारों ने इस संबंध में दूसरा पत्र उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा को देते हुए डंपिंग यार्ड में मृत गौवंश का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि यार्ड में कुछ मरणासन्न स्थिति में पशु यहां वहां पड़े है उन्हें गौशालाओं में शिफ्ट करवाया जाए, मृत गौवंश का पोस्टमार्टम करवाया जाए व डंपिंग यार्ड की तारबंदी अभी तक नहीं किए जाने के दोषियों की जिम्मेदारी तय कर उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जावे। वहीं उपखंड अधिकारी ने गुरूवार शाम को खुले में जैव चिकित्सा अपशिष्ट के अनियमित निस्तारण से जन स्वास्थ्य पर प्रतिकुल प्रभाव पड़ने व पर्यावरण प्रदूषण होने के साथ निराश्रित गौवंश द्वारा ये पदार्थ निगल जाने से उनकी असामयिक मृत्यु होने की बात कहते हुए इसे रोकने के लिए एक कमेटी का गठन किया है। कमेटी में अध्यक्ष तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, सचिव ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी, सदस्य के रूप में अधिशासी अधिकारी व थानाधिकारी श्रीडूंगरगढ़ को बनाया गया है। शुभम शर्मा ने समस्त सरकारी, गैर सरकारी चिकित्सा संस्थानों, लैब्स, मेडिकल स्टोर पर बायो मेडिकल निस्तारण की जांच करने व बायो मेडिकल निस्तारण तय मानकों के अनुसार करवाने के लिए पाबंद करने के निर्देश दिए है।
मुद्दे को छोड़ेंगे नहीं, सीमए सभा में पैदल शामिल होंगे सेवादार- राजपुरोहित, समिति ने बुलाई बैठक।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। शुक्रवार सुबह समिति ने एक बैठक बुलाई और बैठक में अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने इस मुद्दे को नहीं छोड़ने का ऐलान किया। राजपुरोहित ने स्पष्ट किया ये किसी तरह की राजनीति का मामला नहीं है और गौवंश व गांव हित का कार्य है जिसे हर हाल में पूरा करवाया जाएगा। राजपुरोहित ने कहा कि यदि सुनवाई नहीं हुई तो 17 जनवरी को बीकानेर में होने वाली सीएम की सभा में पांच हजार से अधिक पशु प्रेमी व पर्यावरण प्रेमी पैदल कुच करेंगे और सभा में सीएम को ज्ञापन देंगे। उन्होंने एनजीटी में मामला उठाने व न्यायपालिका के माध्यम से पूरा न्याय करवाने का संकल्प भी दोहराया। राजपुरोहित आक्रोश जताते हुए कहा कि डंपिंग यार्ड में 56 गौवंश के शव पड़ें थे, जिनमें 36 शव अभी भी पड़ें है और प्रशासन मामले की लीपापोती करते हुए मृत गौवंश पर कचरा डलवा रही है। बैठक में वरिष्ठ एडवोकेट मोहनलाल सोनी ने कानूनी कार्रवाई करते हुए जनहित याचिका लगाए जाने और हर हाल में न्यायालय के माध्यम से समिति को पूरा न्याय दिलवाने की बात कही। समिति के लीगल एडवाइजर एडवोकेट प्रवीण पालीवाल ने बताया कि जनहित याचिका के साथ एनजीटी में वाद प्रस्तुत की जाएगी और पूरी कानूनी रूप से पूरी लड़ाई लड़ी जाएगी। बैठक में विहिप के पदाधिकारी, समिति के सेवादार व अनेक मौजिज लोग शामिल हुए और इस लड़ाई में समिति का पूरा साथ देने का आश्वासन दिया।