श्रीडूंगरगढ़ में इन दिनों कृषि मंडी परिसर में चहल-पहल है, लेकिन यह चहल-पहल आमजन के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मंडी के सामने बीदासर रोड पर आए दिन लंबा जाम लग रहा है, जो कई बार डेढ़ से दो घंटे तक का होता है। बीदासर रोड का फाटक बार-बार बंद होने और मूंगफली से भरी पिकअप गाड़ियों की आवाजाही के कारण यह स्थिति बनी रहती है। इस जाम के कारण रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ बीदासर और सुजानगढ़ की ओर जाने वाले मुसाफिरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन से इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की गुहार लगा रहे हैं, ताकि उन्हें इस परेशानी से निजात मिल सके।
सेरूणा थाने की कमान संभाल रहीं संध्या विश्नोई का गुरुवार को गांव के जागरूक ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सीताराम गोदारा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, वहीं ईसरनाथ सिद्ध ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर थानाधिकारी संध्या विश्नोई ने सोशल मीडिया के माध्यम से बढ़ रहे अपराधों के प्रति लोगों को सचेत रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की बात कही।
“ताकि फैले शिक्षा का उजाला” – इसी भावना के साथ राजस्थान के 42 मूल निवासियों और सूरत में बसे प्रवासियों के सहयोग से संचालित हेल्पिंग हैंड्स संस्था क्षेत्र के गांवों में शिक्षा की अलख जगाने में जुटी है। संस्था द्वारा उदरासर और लिखमादेसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को बैग और स्टेशनरी का सामान भेंट किया जाएगा। 2011 से शिक्षा, समाज और सेवा के क्षेत्र में सक्रिय यह संस्था लिखमादेसर निवासी तेजकरण धाड़ेवा के प्रयासों से इस कार्य को अंजाम दे रही है। धाड़ेवा ने बताया कि संस्था एक साथ सात स्थानों पर सामग्री वितरण करेगी, ताकि अंचल में शिक्षा का प्रकाश फैले और बच्चों को पठन-पाठन में मदद मिल सके। उदरासर के वैद्य मघाराम राउमावि के प्राचार्य भूपेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर सवा बारह बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें शाला स्टाफ और ग्रामीण शामिल होंगे। वहीं, राउमावि लिखमादेसर के प्राचार्य लक्ष्मीकांत वर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे उत्सव प्रभारी भगवती पारीक के संचालन में कार्यक्रम होगा, जिसमें ग्रामीण, जसनाथी युवक मंडल के सदस्य और अभिभावकगण उपस्थित रहेंगे।
हाई स्कूल रोड पर स्थित काला मतवाला से तेरापंथ भवन के बीच गुरुवार को सौरभ शर्मा का पर्स कहीं गिर गया। सौरभ ने लोगों से मदद की अपील करते हुए पर्स मिलने पर लौटाने का आग्रह किया है। सौरभ ने बताया कि पर्स में गाड़ी की आरसी, लाइसेंस जैसे जरूरी दस्तावेज और कुछ हजार रुपये भी थे। उन्होंने लोगों से 96641 30429 पर संपर्क कर पर्स लौटाने का आग्रह किया है।