श्रीडूंगरगढ़, 24 सितंबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ के तेजा मंदिर परिसर में आज कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का एक महत्वपूर्ण समागम हुआ। शहर, देहात और सूडसर ब्लॉक की संयुक्त बैठक में पार्टीजनों ने एक स्वर में “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान चलाने का संकल्प लिया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिशनाराम सियाग ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश कांग्रेस संगठन एक सृजन के दौर से गुजर रहा है। विधानसभा प्रभारी रामदेव ढाका ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो कार्यकर्ता निष्क्रिय हैं, उनकी सर्जरी भी की जा रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ की वोटर लिस्ट को समय-समय पर जांचने और नए वोटर्स के नाम जुड़वाने का आग्रह किया, ताकि वे जागरूक और सक्रिय होकर काम कर सकें।
बिशनाराम सियाग ने वर्तमान समय को पार्टी और लोकतंत्र के लिए खतरे का समय बताते हुए कहा कि इस विकट परिस्थिति में सभी को पार्टी के हित में एकजुट होकर आगे आना होगा, ताकि भ्रष्ट सरकार को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके। उन्होंने जनता की जायज मांगों का समर्थन करने और जनहित की आवाज को मजबूत करने की बात पर भी जोर दिया।
पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि किसान और युवा इस सरकार में त्रस्त हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम आदमी परेशान है और कांग्रेस को उनकी आवाज बनकर संघर्ष करना होगा।
बैठक में सेवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू, सूडसर ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू, RGPRS प्रदेश महासचिव विमल भाटी, शहर अध्यक्ष ओमप्रकाश गुरावा, RGPRS के जिलाध्यक्ष हरिराम बाना, नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख, रीडी सरपंच हेतराम जाखड़, किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष पूनमचंद नैन, कांग्रेस नेता प्रभुराम बाना सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
बैठक के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” बैनर पर हस्ताक्षर किए और इस अभियान को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान देहात ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनके उत्साह और ऊर्जा ने बैठक को सफल बनाया।