डूंगरगढ़ one 26 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका सहित प्रदेश के 113 नगरीय निकायों में निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। इसके तहत गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध, सजग और पूरी सतर्कता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं। उन्होंने सभी कार्मिकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा ने नगरपालिका क्षेत्र की निर्वाचक नामावली को नियमानुसार तैयार करने पर जोर दिया। वहीं नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने प्रपत्र ‘ए’ से संबंधित आवश्यक बारीकियों की जानकारी देते हुए प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स मनीष सैनी, पवन माली और नौरतमल शर्मा ने बीएलओ व सुपरवाइजरों को तकनीकी पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं और पंजीयन कार्य मुकेश झरवाल, सीताराम कूकणा, ओम प्रकाश और लीलाराम मीणा द्वारा संभाला गया।
गौरतलब है कि 24 मार्च को जारी आदेश के तहत राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया है, जिसके तहत अब स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।